चिराग पासवान ने नितीश कुमार पर बिहार में बढ़ते अपराधों पर साधा निशाना, कहा सुई की नोक पर टिका इंडिया गठबंधन
लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार 18 अगस्त को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमे उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नितीश कुमार बार बार कहते हैं कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। जबकि लोकतंत्र की सबसे ज्यादा हत्या तो वही करते हैं। जनादेश उन्हें किसी और के साथ मिलता है और चले जाते हैं किसी और के साथ और फिर ताकझांक करते रहते हैं।
चिराग पासवान ने नितीश कुमार के दिल्ली दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि श्रध्देय अटल बिहारी वाजपेयी पर पुष्पांजलि करने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है। वह दिल्ली अपने आँख दिखाने गए थे क्योकि बिहार के डॉक्टरों पर उन्हें भरोसा नहीं है। चिराग पासवान ने आगे कहा कि वह दिल्ली अपने गठबंधन को भी आँख दिखाने गए थे। सुई की नोक पर टिका है इंडिया गठबंधन, जो कभी भी गिर सकता है।
बिहार में बढ़ते अपराधों पर बोले
बिहार में बढ़ते अपराधों पर चिराग पासवान ने नितीश कुमार पर हमला करते हुए बोला कि बिहार में अपराधियों ने अपनी जड़ों को मजबूती से जकड लिया है। मौजूदा सरकार खुद को असहाय महसूस कर रही है। अपराधियों को बहुत सी जगह पर सरकार का संरक्षण प्राप्त है। आम बिहारियों के अलावा पुलिस भी अपराधियों की गोलियों का शिकार हो रही है। आम जनता की रक्षा करने वालों की हत्या कर दी जा रही है। बिहार के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री इतना सब हो जाने के बाद भी चुप हैं। पुलिस के जवानों का मनोबल गिर रहा है। 15 अगस्त पर मुख्यमंत्री ज्ञान की बात कर रहे थे। लेकिन पुलिस कर्मी की हत्या पर उन्होंने कोई भी चर्चा नहीं की। चिराग ने कहा कि हमारे पुलिस के जवानों में अकेले लड़ने की क्षमता है लेकिन वो चिंतित हैं कि उनके जाने के बाद उनके परिवार का क्या होगा।
चिराग पासवान ने शिक्षा और रोजगार पर कहा कि बिहार के लोग शिक्षा और रोजगार के लिए बिहार से पलायन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को मुज्जफरपुर और समस्तीपुर तक जाने की फुर्सत नहीं है। आधा बिहार बाढ़ से ग्रसित है और आधा बिहार सुखाड़ से। लेकिन हमारे मुख्यमंत्री और उनके अधिकारीयों को अपने एयर कंडीशन से बाहर निकलने की फुर्सत ही नहीं है। जब लोग डूब कर मरने लगेंगे तब इन्हे समझ आएगा कि बिहार में बाढ़ है।
