बीजेपी नेता उमा भारती ने कहा कि वह एमपी में चुनाव प्रचार करेंगी लेकिन चुनाव नहीं लड़ेंगी
मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती बीजेपी की जन आशीर्वाद रैली में अपनी अनदेखी से नाराज हैं। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने कहा है कि वह मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का प्रचार तो करेंगी लेकिन चुनाव नहीं लड़ेंगी। दरअसल कुछ दिनों पहले यह अटकलें लगायी जा रही थी कि उमा भारती अपने लिए टिकट की मांग कर रही हैं। इसी बीच उमा भारती की वह चिट्ठी भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुयी जो उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को लिखी जिसमे उन्होंने अपनी पसंद के 19 नामों को विधानसभा चुनाव की टिकट देने की बात कही।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने बुधवार को लगातार दो ट्वीट कर चुनाव लड़ने की अटकलों को विराम दे दिया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, “जो भी समाचार छपता है वह तथ्य एवं अनुमान दोनों के मेल से बनता है। कई बार अनुमान सत्य पर भारी पड़ जाता है और अनुमान गलत होता है। मैं मध्य प्रदेश के 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रचार भले ही करूं किंतु मध्य प्रदेश का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने वाली हूं। आप इस अनुमान को खारिज कर दीजिए।”
आपको बता दें सोशल मीडिया पर वायरल 19 विधायकों को टिकट देने की पैरवी करने वाली चिट्ठी पर उमा भारती ने ट्वीट कर सफाई दी है। उमा भारती ने लिखा कि, “मेरे ऑफिस से मीडिया जगत के बहुत सारे लोग पूछ रहे हैं कि सोशल मीडिया में एक सूची वायरल हो रही है, क्या उमा भारती जी ने बीजेपी उम्मीदवारों के नाम की सूची लिखित में पार्टी को भेजी है? मैंने निश्चित रूप से केंद्र एवं राज्य के नेताओं से मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा उम्मीदवारों पर विचार विमर्श किया है। इसलिए मुझे कोई सूची लिखकर देने की जरूरत कहां है, हां मेरी चर्चा में यह नाम भी शामिल रहे हैं, बीजेपी का हर उम्मीदवार मेरा है।”
