अरविन्द केजरीवाल सरकार के एक और मंत्री के ठिकानों पर ईडी ने की छापेमारी
अरविन्द केजरीवाल सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता राज कुमार आनंद के ठिकानों पर ईडी ने की छापेमारी। यह छापेमारी उस समय हुयी है जब दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल को ईडी ने पूछताछ के लिए बुलाया है। जबकि आम आदमी पार्टी के दो नेताओं की शराब नीति घोटाले में पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और नेता संजय सिंह इस समय जेल में हैं।
सूत्रों के अनुसार राज कुमार आनंद के यहाँ ईडी की छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुयी है। जानकारी के अनुसार सिविल लाइन्स स्थित राजकुमार आनंद से जुड़े परिसरों और कुछ अन्य ठिकानों पर ईडी छापेमारी की है। छापेमारी कर रही ईडी की टीम के साथ सीआरपीएफ की एक टीम भी मौजूद है।
राजकुमार आनंद का सफर
राज कुमार आनंद वर्तमान में दिल्ली की पटेल नगर विधानसभा सीट से विधायक है। उन्होंने 2020 में पहली बार पटेल नगर विधानसभा सीट से विधायक का चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे। अरविन्द केजरीवाल की सरकार में राज कुमार आनंद कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली हुयी है। दिल्ली सरकार में सामाजिक कल्याण विभाग और एससी/एसटी कल्याण मंत्री के पद पर हैं। इसके अलावा वह गुरुद्वारा चुनाव, और सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार को भी संभाल रहे हैं।
57 वर्षीय राज कुमार आनंद ने अपनी प्रारम्भिक पढ़ाई पूरी करने के लिए अलीगढ की एक ताला फैक्ट्री में काम किया। इसके बाद उन्होंने ट्यूशन पढ़ा कर एमए की पढ़ाई की। राजनीती में कदम रखने से पहले राज कुमार आनंद एक सफल व्यापारी थे। वे रैक्सीन लैदर का व्यापार किया करते थे। सामाजिक कार्यकर्त्ता के रूप में उन्होंने आनन्दपथ फाउंडेशन की स्थापना की, जिसका का उद्देश्य गरीबों की मदद करना है। साल 2011 में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का हिस्सा बने। वहीँ से अरविन्द केजरीवाल के साथ जुड़ गए।
