ईडी ने अभिनेता प्रकाश राज को भेजा समन, प्रणव ज्वैलर्स मनी लॉन्ड्रिंग केस में किया तलब
फिल्म अभिनेता प्रकाश राज बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्रीज का एक जाना माना चेहरा हैं। ईडी ने प्रकाश राज को प्रणव ज्वैलर्स मनी लॉन्ड्रिंग केस में समन जारी किया है। बता दें कि ईडी ने त्रिची स्थित पार्टनरशिप फर्म प्रणव ज्वैलर्स के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जाँच के सिलसिले में प्रकाश राज को तलब किया है।
जानकारी के लिए बता दें कि त्रिची स्थित प्रणव ज्वैलर्स ने कथित तौर पर ज्यादा रिटर्न के वादे के साथ सोने की निवेश योजना की आढ़ में जनता से 100 करोड़ रुपये एकत्रित किये थे। ईडी के अधिकारीयों ने बताया कि प्रकाश राज प्रणव ज्वेलर्स के ब्रांड एंबेसडर थे। इस मामले में वे जाँच के दायरे में हैं। ईडी ने प्रणव ज्वैलर्स पर कथित पोंजी योजना चलाने के आरोप में सोमवार को छापा मारा था।
मामले पर ईडी ने जारी किया बयान
प्रणव ज्वैलर्स केस के मामले पर ईडी ने बुधवार को एक बयान जारी करते हुए कहा, “जांच से पता चला कि प्रणव ज्वैलर्स और अन्य जुड़े व्यक्तियों ने सराफा/सोने के आभूषणों की खरीद की आड़ में सार्वजनिक धन को फर्जी संस्थाओं/प्रवेश प्रदाताओं को हस्तांतरित करके जनता को धोखा दिया।”
ईडी ने आगे कहा, “जांच से ये भी पता चला कि प्रणव ज्वैलर्स की पुस्तकों में आपूर्तिकर्ता पार्टियां प्रवेश प्रदाता थीं, जिन्होंने जांच के दौरान प्रणव ज्वैलर्स को 100 करोड़ से अधिक की राशि के लिए समायोजन करने की बात कबूल की और बैंक भुगतान के बदले आरोपी व्यक्तियों को नकद देने की बात भी कबूल की है।”
ईडी द्वारा सोमवार को मारे गए छापे में कई दस्तावेज मिले। जिसमे 23.70 लाख की नकदी और 11.6 किलोग्राम वजन के सोने के आभूषण जब्त किये।

