क्या दिल्ली में बीजेपी फिर दोहराएगी अपना 2019 वाला प्रदर्शन, दिल्ली की सीटों पर आया चौकाने वाला सर्वे
लोकसभा चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। चुनाव आयोग किसी भी समय चुनाव की तारीखों का एलान कर सकता है। ऐसे में सभी दल अपनी अपनी तैयारियों में लग गए हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने दिल्ली की सभी 7 सीटों पर अपना कब्ज़ा किया था। ऐसे में बीजेपी फिर से अपने 2019 वाले प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश में लगी हुयी है। लेकिन इस बार बीजेपी के विजय रथ को रोकने के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने साथ में गठबंधन कर लिया है। इस बार का मुकाबल बीजेपी और इंडिया गठबंधन के बीच होगा। फ़िलहाल तीनों दल अपनी अपनी रणनीति बनाने में लगे हुए हैं। बीजेपी ने दिल्ली की 5 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। आम आदमी पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार के नामों की घोषणा कर दी है। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है।
चौकाने वाला सर्वे आया
वर्तमान में दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है। इससे ऐसा लग रहा था कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में बीजेपी को कड़ी टक्कर देगी। लेकिन इंडिया टीवी-सीएनएक्स के ओपिनियन पोल के मुताबिक दिल्ली की सभी 7 सीटें बीजेपी के खाते में जा रही हैं। इस ओपिनियन पोल के मुताबिक दिल्ली में फिर से कमल खिलेगा।
बीजेपी ने इन उम्मीदवारों को दी दिल्ली से टिकट
बीजेपी ने दिल्ली की सात सीटों में से पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने नई दिल्ली से सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को टिकट दिया है। चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल को उम्मीदवार बनाया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से बीजेपी दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष और भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी को मैदान में उतारा है। पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है। जबकि दक्षिणी दिल्ली से रामवीर बिधूड़ी को टिकट दिया है। बीजेपी ने अभी दिल्ली की दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है।
