चुनाव ख़त्म होते ही एक्शन में यूपी की योगी सरकार, शुरू हुयी कैबिनेट की बैठक
लोकसभा चुनाव 2024 ख़त्म होते ही यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन में दिखायी दिए। आज सोमवार को यूपी सरकार की कैबिनेट की बैठक हो रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही उन योजनायों पर भी चर्चा हो सकती है जिन पर आचार संहिता लगने की वजह से रोक लग गयी थी। आज उन योजनाओं पर मुहर भी लग सकती है।
सूत्रों की मानें तो इस बैठक में दो दर्जन से अधिक प्रस्ताव पास किये जा सकते हैं। जिसमे औद्योगिक विकास, आईटी, नगर विकास, गृह, लोक निर्माण, कृषि, चिकित्सा और शिक्षा विभाग शामिल हैं। कई नीतियों के ड्राफ्टों में संसोधन भी हो सकते हैं। आज की यूपी कैबिनेट की बैठक में कई प्रस्तावों पर मुहर भी लग सकती है। जैसे- यूपी में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर नीति को पास कराया जाएगा। निवेशकों को अनेक रियायतें प्रदान करने के लिए मौजूदा औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीतियों में बदलाव किया जायेगा।
इसी के साथ कानपुर आईआईटी में चिकित्सा अनुसंधान संस्थान की स्थापना के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 50 करोड़ रुपये का अंशदान देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है। मिलेट्स पुनरुद्धार योजना को मंजूरी मिल सकती है। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम के तहत उन सभी किसानों को अनुदान दिया जाएगा जो बीज उत्पादन के लिए सीडमनी, मिलेट्स प्रसंस्करण, पैकिंग सह विपणन केंद्र, मिलेट्स मोबाइल आउटलेट और मिलेट्स स्टोर खोलना चाहते हैं।
बताया जा रहा है कि आज की कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश के विकास और एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था को हासिल करने को लेकर चर्चा होगी। यूपी सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आज की कैबिनेट बैठक विकास को लेकर होगी। प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। इसे और कैसे आगे बढ़ाया जाये, इस पर चर्चा होगी।
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के उच्च अधिकारीयों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारीयों को सख्त निर्देश दिए थे। साथ ही लापरवाही पर एक्शन की चेतावनी भी दी थी। उच्च अधिकारीयों के साथ मीटिंग के बाद अब कैबिनेट की बैठक हो रही है। ऐसे में सभी की निगाह कैबिनेट बैठक में होने वाले फैसलों पर टिकी हैं।
