कावड़ यात्रा के दौरान दुकानों पर नेम प्लेट लगाने के योगी सरकार के फैसले का मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने किया स्वागत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कावड़ यात्रा के दौरान दुकानों पर नेम प्लेट लगाने वाले फैसले का मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने स्वागत किया है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फैसले का समर्थन करते हुए दावा किया है कि मुस्लिम समाज कावड़ियों का दिल खोलकर स्वागत करेगा।
शनिवार को नई दिल्ली के मोतिया खान स्थित कार्यालय के कलाम भवन में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की आपात बैठक हुयी। इस बैठक में शामिल हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने यूपी की योगी सरकार के उस फैसले का स्वागत किया, जिसमे दुकानों, होटलों और ठेलों पर मालिकों या संचालकों के नेम प्लेट लगाने की बात कही गयी है।
योगी सरकार के फैसले पर क्या कहा
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने योगी सरकार के फैसले पर कहा, “योगी सरकार ने ऐसा इसलिए किया है, ताकि सामाजिक सौहार्द न बिगड़े और आस्था में डूबे लोगों को अपनी इच्छानुसार पवित्र सामग्री मिल सके।” इस बैठक में विश्वास जताया गया कि मुस्लिम विक्रेता भी हिन्दू समाज की आस्था के मुताबिक शुद्धता का ध्यान रखते हुए उन्हें सामान उपलब्ध कराएंगे। इससे देश की गंगा जमुनी तहजीब भी बनी रहेगी और संस्कृति को भी ठेस नहीं पहुंचेगी।
विपक्ष के रवैये पर खड़ा किया सवाल
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने इस बैठक में विपक्ष के रवैये पर सवाल खड़ा करते हुए कहा है कि मुस्लिम समाज कांग्रेस, सपा या किसी और अन्य दल के फूट डालने के झांसे में न आकर पूर्ण आस्था के साथ दिल खोलकर कावड़ियों का स्वागत करेगा। साथ ही मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने दावा किया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी कावड़ियों के लिए शिविर लगाया जायेगा, पुष्प वर्षा, शीतल जल की फुहारों, जल, फल, जूस, लंगर और शुद्धता भरे वातावरण के साथ कांवड़ियों का स्वागत किया जाएगा।
इस बैठक में तय किया गया कि विपक्ष के एजेंडे को मुंह तोड़ जवाब दिया जायेगा। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की ओर से कहा गया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में भले ही योगी आदित्यनाथ सरकार के आदेशों को तोड़- मरोड़ कर देश का सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मुस्लिम समाज को इन राष्ट्र विरोधी प्रयासों का मुंहतोड़ जवाब देते हुए हिंदुओं की आस्था और गरिमा का पूर्ण रूपेण ध्यान रखना है।

