राहुल गाँधी ने किसान नेताओं के साथ की मुलाकात, कहा देश के किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाये
आज बुधवार को संसद भवन में किसान मजदूर मोर्चा और सयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में देशभर से 12 किसान नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गाँधी से मुलाकात की। इस मुलाकात में किसान प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गाँधी को अपनी समस्याएं बताई। इस बैठक में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला, धर्मवीर गांधी, डॉ.अमर सिंह, दीपेंद्र सिंह हुड्डा और जय प्रकाश भी मौजूद थे।
बैठक के बाद राहुल गाँधी ने कहा
किसान नेताओं के साथ बैठक के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गाँधी ने कहा, “हमने अपने घोषणापत्र में कानूनी गारंटी के साथ एमएसपी का जिक्र किया है। हमने आकलन किया है और इसे लागू किया जा सकता है। हमने अभी एक बैठक की, जिसमें तय किया गया कि हम इंडिया गठबंधन के दूसरे नेताओं से बात करेंगे और सरकार पर दबाव डालेंगे कि देश के किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाए।”
इसी के साथ राहुल गाँधी ने आरोप लगते हुए कहा, “बैठक से पहले असमंजस की स्थिति थी क्योंकि किसानों को अंदर नहीं जाने दिया गया। हमने उन्हें आमंत्रित किया लेकिन वे उन्हें संसद के अंदर नहीं जाने दे रहे थे। वे किसान हैं, शायद यही वजह है। आपको प्रधानमंत्री से इसका कारण पूछना होगा।”
किसानों की मांग
देश भर के किसान संगठन चाहते हैं कि एमएसपी स्वामीनाथन आयोग के सी2+50 फार्मूले पर आधारित हो, जिसमें समर्थन मूल्य की गणना करते समय पूंजी की लागत और भूमि किराये को शामिल किया जाता है। एमएसपी के तहत किसानों को फसल की कीमतों में भारी गिरावट से बचाने के लिए सरकार की ओर से निर्धारित खरीद गारंटी दी जाती है।
