झाँसी के अस्पताल में हुआ दिल दहला देने वाला हादसा, 10 नवजात शिशुओं की हुयी जलकर मौत
झाँसी उत्तर प्रदेश से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आयी है, जहाँ महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की जलकर मौत हो गयी। इसकी पुष्टि जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की है।
कैसे हुआ भीषण हादसा
इतना भीषण हादसा कैसे हुआ इसकी जानकारी झाँसी के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट सचिन मोहर देते हुए बताया कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में आग लगने से हादसा हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि एनआईसीयू वार्ड में 54 बच्चे भर्ती थे और अचानक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में आग लग गई। हमने जितनी कोशिश की जा सकती थी सभी बच्चों को सकुशल बाहर निकालने की, फिर भी 10 बच्चों की मौत हो गई।
चश्मदीद ने बताया घटना का हाल
आग की खबर सुनते ही पूरे मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि आग लगने के बाद जाली को तोड़कर बच्चों को बाहर निकला गया। एक और चश्मदीद ने बताया कि हम बच्चे को दूध पिलाने अंदर गए थे तभी एक नर्स बाहर की ओर तेजी से भागते हुए आ रही थी जिसके पैरो में आग लगी हुई थी, हमने करीब 20 बच्चों को बाहर सुरक्षित बाहर निकाला और नर्स को पकड़ाया। कुछ और चश्मदीदों ने बताया कि आग लगने के बाद परिसर में अफरा-तफरी मची हुई थी लोग अपने अपने बच्चों को इमरजेंसी की और लेकर भाग रहे थे। वहीं झांसी के पास स्थित महोबा जिले के एक दंपति ने इस हादसे में अपने नवजात बच्चे को खो दिया। बच्चे की मां ने बताया कि उनके बच्चे का जन्म 13 नवंबर को सुबह आठ बजे हुआ था। उन्होंने रोते हुए कहा कि मेरा बच्चा आग में जलकर मर गया।
एसएसपी सुधा सिंह ने हादसे को लेकर कहा
वहीँ झाँसी की एसएसपी सुधा सिंह ने शनिवार को हादसे को लेकर कहा कि इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 16 बच्चों का इलाज जारी है। इस हादसे के समय एनआईसीयू में 50 से अधिक बच्चे भर्ती थे। झांसी पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त बयान में कहा कि दमकल विभाग की एक गाड़ी को घटनास्थल पर भेजा गया, साथ ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे है।
घटना स्थल पर पहुंचे डिप्टी सीएम
घटना की जानकारी मिलते ही यूपी के डिप्टी सीएम घटना स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम परिजनों के साथ मिलकर बच्चों की पहचान कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच होगी और अगर किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाएगी तो उस पर कार्रवाई होगी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण हादसे पर दुःख जताया और पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद की घोषणा की। उन्होंने मृतकों के परिवार को 5-5 लाख और घायलों के परिवार को 50 हजार की राशि देने का एलान किया।
