प्रवेश वर्मा ने सीएम आतिशी को चिट्ठी लिखकर कसा तंज, कहा शीश महल जनता दर्शन के लिए खोला जाये
दिल्ली में विधानसभा की तैयारियां सभी पार्टियों ने शुरू कर दी हैं। इसी के मद्देनजर पार्टियों के उम्मीदवार एक दूसरे पर जुबानी हमले करने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में बीजेपी के नई दिल्ली से उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने सीएम आतिशी को एक चिट्ठी लिखकर आम आदमी पार्टी पर तंज कसा है। जिसमे बीजेपी उम्मीदवार ने सीएम से शीश महल को जनता दर्शन के लिए खोलने का अनुरोध किया है।
चिट्ठी के जरिये अनुरोध कर कसा तंज
बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने सीएम आतिशी को लिखी चिट्ठी में कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल में सरकारी आवास को विशेष रूप से सज्जित और भव्य रूप दिया गया था। इसे आम जनमानस में ‘शीश महल’ के नाम से जाना जा रहा है। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की जनता, जिन्होंने लगातार तीन बार श्री केजरीवाल को अपना विधायक चुना और विधानसभा भेजा, इस भवन को देखने की प्रबल इच्छा रखती है। जनता इसे देखकर यह समझना चाहती है कि जिस स्थान पर उनके द्वारा चुने गए प्रतिनिधि ने अपने कार्यकाल का समय बिताया, वह कैसा है। इस शीश महल को प्रात: 10 बजे से सांय 4 बजे तक जनता दर्शन के लिए खोला जाए। ताकि दिल्ली की जनता इसे नजदीक से देख सके।”
गौरतलब है कि बीजेपी दिल्ली मुख्यमंत्री के आवास को शीश महल कहती है और आम आदमी पार्टी के नेता और राष्ट्रिय संयोजक अरविंद केजरीवाल को इस मुद्दे पर घेरने की कोशिश करती रहती है।
प्रवेश वर्मा केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी के उम्मीदवार
हालाँकि आम आदमी पार्टी या दिल्ली की सीएम की तरफ से इस चिट्ठी का कोई भी जवाब अभी तक सामने नहीं आया है। लेकिन इससे पहले आम आदमी पार्टी बीजेपी के इस आरोप को बेबुनियाद बताती रही है। बता दें कि प्रवेश वर्मा बीजेपी के टिकट पर नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने नई दिल्ली सीट से पूर्व सांसद और शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को चुनावी मैदान में उतारा है।
