May 24, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

आईपीएल 2026 के बाद शुरू होगा टीम इंडिया का नया सफर, जानिए कब और किससे होंगे अगले मुकाबले

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 26 मई से प्लेऑफ मुकाबले शुरू होंगे और 31 मई को फाइनल मैच के साथ इस सीजन का समापन हो जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए पिछले दो महीनों से हर शाम आईपीएल मैचों से भरी रही, लेकिन लीग खत्म होते ही फैंस की नजरें अब भारतीय क्रिकेट टीम के अगले मुकाबलों पर टिक जाएंगी।

अच्छी बात यह है कि क्रिकेट प्रेमियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आईपीएल समाप्त होने के केवल छह दिन बाद ही टीम इंडिया फिर मैदान पर नजर आएगी। भारत का अगला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम पूरे साल कई घरेलू और विदेशी सीरीज में हिस्सा लेगी।

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट से होगी शुरुआत

आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में आयोजित होगा।

इस टेस्ट मैच के बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। इस सीरीज में कई वरिष्ठ खिलाड़ी मैदान पर वापसी कर सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट कोहली और रोहित शर्मा इस सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं। हालांकि रोहित शर्मा की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगी।

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के मुकाबले धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे। भारतीय टीम के लिए यह सीरीज अगले बड़े विदेशी दौरों से पहले तैयारी का अच्छा मौका मानी जा रही है।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरा रहेगा खास

अफगानिस्तान सीरीज के बाद टीम इंडिया आयरलैंड दौरे पर जाएगी। वहां भारत को दो मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। दोनों मुकाबले बेलफास्ट में होंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे में कुछ युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम भी चर्चा में है।

इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर रवाना होगी, जहां दोनों देशों के बीच पांच टी20 और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहता है।

टी20 सीरीज के मुकाबले चेस्टर ली स्ट्रीट, मैनचेस्टर, नॉटिंघम, ब्रिस्टल और साउथम्पटन में होंगे। वहीं वनडे मैच बर्मिंघम, कार्डिफ और लंदन में खेले जाएंगे।

साल के आखिर तक व्यस्त रहेगा भारतीय टीम का कार्यक्रम

इंग्लैंड दौरे के बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे जाएगी, जहां तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इसके बाद श्रीलंका दौरे पर भारत को दो टेस्ट मैच खेलने हैं, हालांकि उनके कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

इसके अलावा जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भी भारतीय क्रिकेट टीम हिस्सा ले सकती है। माना जा रहा है कि इस टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा।

सितंबर और अक्टूबर में वेस्टइंडीज टीम भारत दौरे पर आएगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच तीन वनडे और पांच टी20 मुकाबले खेेले जाएंगे। ये मैच तिरुवनंतपुरम, गुवाहाटी, लखनऊ, रांची, इंदौर, हैदराबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों में आयोजित होंगे।

इसके बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी, जहां दो टेस्ट और तीन वनडे मैच खेले जाने हैं। हालांकि इस सीरीज की तारीखों का ऐलान अभी बाकी है।

साल के अंत में श्रीलंका की टीम भारत दौरे पर आएगी। दिसंबर में दोनों देशों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। दिल्ली, बेंगलुरु, अहमदाबाद, राजकोट, कटक और पुणे में ये मैच आयोजित किए जाएंगे।

इस तरह आईपीएल खत्म होने के बाद भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए पूरे साल रोमांचक मुकाबलों की भरमार रहने वाली है। भारतीय टीम लगातार अलग-अलग देशों के खिलाफ कई अहम सीरीज खेलेगी, जिससे फैंस को मनोरंजन के साथ-साथ नए खिलाड़ियों को देखने का भी मौका मिलेगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *