आप नेता संजय सिंह का बड़ा आरोप, कहा तिहाड़ जेल अरविन्द केजरीवाल के लिए यातना गृह बन गया है
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज मंगलवार को केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि आप 24 घंटे दिल्ली के मुख्यमंत्री की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा पीएमओ, पीएम और एलजी सारे नियम कायदे तोड़कर अरविन्द केजरीवाल की सीसीटीवी से निगरानी कर रहे हैं।
संजय सिंह ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं पूरी जिम्मेदारी से कह रहा हूँ कि पीएम मोदी चुनाव को ख़त्म करने जा रहे हैं। संविधान को ख़त्म करने जा रहे हैं। देश के लोगों को याद रखना है कि यह देश का अंतिम चुनाव है।
इससे पहले संजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि तिहाड़ जेल अरविंद केजरीवाल के लिए यातना गृह बन गया है। हिटलर ने भी अपने विरोधियों के लिए यातना गृह बनवाया था।
संजय सिंह ने और क्या आरोप लगाए
क्या हमसे हमारी आजादी छीन ली जाएगी, बोलने की आजादी, जीने की आजादी?
पीएम मोदी और पीएमओ अरविंद अरविंद केजरीवाल को 24 घंटे CCTV में देखते हैं।
पीएम मोदी आप क्या देखते हैं अरविंद केजरीवाल कितने बीमार हुए?
अरविंद केजरीवाल को दवा तो नहीं मिल रही?
अरविंद केजरीवाल को खाना तो नहीं मिल रहा?
अरविंद केजरीवाल को इंसुलिन तो नहीं मिल रही?
अरविंद केजरीवाल की इंसुलिन बंद करने से उनकी किडनी कितनी खराब हुई?
उनका लीवर कितना खराब हुआ?
वो इंसुलिन के बिना कितना तड़प रहे हैं?
आख़िर क्या देखते हैं आप अरविंद केजरीवाल का मनोबल कितना गिरा, अरविंद केजरीवाल कितना झुका, कितना टूटा?
पीएम मोदी क्या देखते हैं आप, अरविंद केजरीवाल क्या खा रहे हैं?
कैसे सो रहे हैं?
कैसे पढ़ रहे हैं?
क्या लिख रहे हैं?
संजय सिंह ने आगे कहा पीएम मोदी क्या देखते हैं? आपको जब युवाओं के रोजगार की चिंता करनी चाहिए, किसानों के आत्महत्या की चिंता करनी चाहिए, महिलाओं की सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए। उस समय आप केजरीवाल के पीछे पड़े हैं। आपके इस अत्याचार से अरविन्द केजरीवाल के बूढ़े माता-पिता दुखी हैं। उनकी पत्नी को उनके स्वास्थ्य की चिंता होती है। देश के लोग जो अरविन्द केजरीवाल से बेहद प्यार करते हैं वे आपके इस अन्यायपूर्ण आचरण से दुखी हैं।
संजय सिंह ने कहा कि मैं पूछता हूँ कि आखिर क्या गुनाह है अरविन्द केजरीवाल का? यह कि उन्होंने दिल्ली के बच्चों को अच्छी शिक्षा दी, दिल्ली की जनता को अच्छा इलाज दिया, बिजली पानी फ्री दिया। आपने एलजी को भी अरविन्द केजरीवाल की निगरानी में लगा दिया है। अब उनका ऑफिस भी 24 घंटे अरविन्द केजरीवाल को सीसीटीवी पर देखने में लगा है। वे दिल्ली के काम को छोड़कर ये योजना बनाते रहते हैं कि अरविन्द केजरीवाल को कैसे प्रताड़ित किया जाये। अरविन्द केजरीवाल दिल्ली में दुनिया की सबसे बेहतरीन सरकार चला रहे हैं और आप उनके पीछे पड़े हैं। अगर आपको केजरीवाल से कम्पटीशन करना है तो स्कूल बनवाइए, अस्पताल बनवाइए, बिजली पानी फ्री दीजिये। काम की राजनीती कीजिये। तानाशाही से दुनियां का कोई भी देश आगे नहीं बढ़ा है। आप कितनी भी कोशिश कर लें केजरीवाल न रुकेगा, न झुकेगा।
