लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे शख्स ने अपने पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर उसके शरीर के छोटे छोटे टुकड़े किये
मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके में हत्या की सारी हदें पार करने वाली घटना सामने आयी। जहाँ 56 साल के एक शख्स ने लिव इन रिलेशनशिप में रह रही अपनी पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी। सूत्रों के अनुसार शख्स ने अपनी पार्टनर की हत्या करने के बाद उसके शरीर के छोटे छोटे टुकड़े कर दिए। वह इन टुकड़ों को कुकर में डाल कर उबालता था और फिर मिक्सर में पिसता था। फ़िलहाल पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है और उसके घर से हत्या में प्रयुक्त सभी सामग्री को जब्त कर लिया है।
दरअसल यह घटना मीरा भायंदर फ्लाईओवर के पास गीता नगर फेस 7 की है। जहाँ मनोज साने उम्र 56 साल अपनी रूम पार्टनर सरस्वती वैद्य उम्र 32 साल के साथ 3 साल से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। बुधवार को यहां रहने वाले पड़ोसियों को घर से बदबू आने लगी। तब उन्होंने इसकी शिकायत नयानगर पुलिस थाने को दी। नयानगर पुलिस जब घर के अंदर घुसी तब पुलिस को इस घटना का पता चला। पुलिस ने मौके पर से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में देर रात तक नयानगर पुलिस थाने में हत्या के मामले को दर्ज करने की प्रक्रिया चलती रही। आरोपी ने हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए शव के टुकड़े टुकड़े कर दिए थे। जानकारी के अनुसार इस टुकड़ों को कटर मशीन से काटा गया था। पुलिस हत्या के कारणों की जांच में लग गयी है।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी मनोज साने को शक था कि सरस्वती वैद्य का कहीं और भी अफेयर चल रहा था। जिसके चलते कुछ दिनों से दोनों में मारपीट होने लगी थी। सरस्वती वैद्य ने दो तीन दिन पहले जहर खा कर अपनी जान ले ली थी। आरोपी को डर था कि आत्महत्या का दोष उसके ऊपर आएगा। इस डर से उसने शव को ठिकाने लगाने का मंसूबा बनाया। यह इतना भयानक था कि इससे मानवता की सारी हदें पार कर दी।
जानकारी के मुताबिक उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए पहले कटर से शव के टुकड़े किये फिर उन्हें कुकर में उबलता था और फिर उन्हें मिक्सर में पीस कर फेंक देता था। उसने सोसायटी के पिछले गटर में भी शव के कुछ हिस्सों को फेंका। वह शव के कुछ अंगों को फेकने के लिए अपनी बाइक का इस्तेमाल करता था।
पुलिस ने हत्या में प्रयोग किये गए घरेलू सामान सहित शव को ठिकाने लगाने में प्रयोग की गयी बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है। अभी पुलिस ने इस मामले पर कोई भी आधिकारिक वयान देने से इंकार कर दिया है। पुलिस का कहना है जब तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आ जाती और आरोपी से पूछताछ पूरी नहीं हो जाती है। तब तक कोई भी आधिकारिक तौर पर वयान नहीं दिया जायेगा।

