मणिपुर हिंसा को लेकर यूरोपीय संसद में चर्चा पर राहुल गाँधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा, कहा पीएम चुप रहे
यूरोपीय संसद में मणिपुर हिंसा को लेकर हुयी चर्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है। इसी के साथ राहुल गाँधी ने प्रधानमंत्री के फ्रांस दौरे पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को फ्रांस के नेशनल डे पर मुख्य अतिथि बनाये जाने का कनेक्शन राफेल डील से जोड़ा है। राहुल गाँधी ने ट्वीट कर कहा “मणिपुर जल गया। यूरोपीय यूनियन की संसद में भारत के आतंरिक मुद्दे पर चर्चा हो गयी, लेकिन प्रधानमंत्री चुप हैं। इसी बीच राफेल ने उन्हें बैस्टिल डे का टिकट दिला दिया”। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी दो दिन की फ्रांस दौरे पर गए थे। शुक्रवार को पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रिय दिवस में बतौर अतिथि शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस सरकार ने आमंत्रित किया था।
मणिपुर को लेकर यूरोपीय संसद में लाया प्रस्ताव
दरअसल यूरोपीय संसद ने गुरुवार को एक प्रस्ताव पारित किया। इसमें मणिपुर हिंसा को लेकर भारत में मानवाधिकारों की स्थिति पर बात की और आरोप लगाया कि भारत में अल्पसंख्यक समुदायों के प्रति असहिष्णुता के कारण मौजूदा स्थिति बनी हुयी है। प्रस्ताव में मणिपुर में बंद इंटरनेट सेवा का भी जिक्र किया गया।
26 राफेल खरीदने की डील हुयी फाइनल
भारत सरकार ने शनिवार को फ्रांस से भारतीय नौ सेना के लिए 26 नेवल राफेल जेट खरीदने की जानकारी दी। इसके तहत भारतीय नौ सेना को फ्रांस की दसॉ एविएशन से 26 नए एडवांस राफेल जेट हासिल होंगे। जो कि खास तौर से नौ सेना की जरूरतों के हिसाब से डिजाइन होंगे। भारत सरकार ने इन लड़ाकू विमानों के भारत में सफल ट्रायल के बाद ही आगे बढ़ने का फैसला लिया।

