Headlines

नूंह में हुयी हिंसा के चलते नूंह एसपी का तबादला, अब तक हरियाणा में 93 पर एफआईआर और 176 की गिरफ्तारी

सोमवार को नूंह में हुयी हिंसा में अब पुलिस ने अपना एक्शन तेज कर दिया है। अब तक हरियाणा के पांच जिलों में 93 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। अकेले नूंह में ही 46 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। हरियाणा में अब तक 176 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा नूंह के एसपी वरुण सिंगला का तबादला भी कर दिया गया है। एसपी वरुण सिंगला हिंसा से पहले छुट्टी पर चले गए थे। उनकी जगह नरेंद्र बिजारनिया नूंह के नए एसपी होंगे। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल किये गए 2300 वीडियो की पहचान की है। पुलिस का मानना है कि इन्ही वीडियो ने हिंसा को उकसाने की अहम भूमिका निभाई है।

सोशल मीडिया पर भड़काने वाली पोस्ट पर भी कार्यवाही

नूंह पुलिस ने सोशल मीडिया पर तनाव फ़ैलाने वाली पोस्ट पर भी एक्शन शुरू कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में कुछ एफआईआर भी दर्ज की हैं। इन एफआईआर में से तीन शाहिद, आदिल खान मन्नाक और शायर गुरु घंटाल नाम के यूजर्स पर की हैं। पुलिस एफआईआर के अनुसार शाहिद ने तीन पोस्ट की थी, आदिल ने एक पोस्ट की और शायर गुरु घंटाल ने दो पोस्ट की थी। पुलिस का मानना है कि इन पोस्टों ने हिंसा भड़काने में अहम भूमिका निभाई। सोशल मीडिया पर भड़कायु पोस्ट को लेकर पुलिस ने धारा 153, 153 ए, 295 ए, 298, 504, 109 और 292 के तहत एफआईआर दर्ज की है। लेकिन पुलिस ने शायर गुरु घंटाल ने नाम से कौन इस अकाउंट को चला रहा है इसका खुलासा नहीं किया है। पुलिस अभी 2300 ऐसे वीडियो की जाँच कर रही है जिन्हे हिंसा फ़ैलाने का जिम्मेदार माना जा रहा है।

हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य गृह सचिव ने दिया आश्वासन

हरियाणा सरकार के अतिरिक्त मुख्य गृह सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने जनता को आश्वासन देते हुए कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में अब स्थिति तेजी से सामान्य होती जा रही है। इस क्षेत्रों में जो भी छुटपुट घटनाएं हो रही हैं उनसे निपटा जा रहा है। सरकार इन सभी घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त बल के साथ पूरी तरह से तैयार है। राज्य भर में अर्धसैनिक बलों की 24 टुकड़ियां तैनात हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *