जेडीयू के अध्यक्ष ललन सिंह ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, कहा इंडिया शब्द से इन्हे इतनी घबराहट क्यों
राष्ट्रपति भवन से जी20 शिखर सम्मलेन के रात्रिभोज के लिए भेजे गए निमंत्रण पत्र पर प्रेसिडेंट ऑफ़ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ़ भारत के नाम से निमंत्रण पत्र भेजे जाने पर विपक्ष के नेता केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। जेडीयू के राष्ट्रिय अध्यक्ष ललन सिंह बुधवार को दिल्ली से पटना पहुंचे। उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा ये लोग घबराये हुए हैं। इंडिया शब्द से इन लोगो की घबराहट साफ दिख रही है। यह लोग हताश हो चुके हैं इसलिए नाम बदल रहे हैं, नाम बदलने से क्या होगा। जनता में इन लोगों के खिलाफ अविश्वास है उसे कहाँ से मिटायेंगे। जितना ड्रामा करना है करते रहें।
ललन सिंह ने आगे कहा कि ये लोग सारा इतिहास तो बदल ही रहे हैं। इतिहास को अपने नाम से करना चाहते हैं। ये चाहते हैं कि देश का इतिहास बापू के नाम से हटाकर नरेंद्र मोदी के नाम से कर दिया जाये।
लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं
ललन सिंह ने संसद के स्पेशल सेशन को लेकर कहा पहले एजेंडा तो बताये। ऐसा आज तक हुआ है कि सेशन बुला लिया गया हो और किसी भी सांसद को यह पता ही नहीं कि उसमें बहस किस मुद्दे पर होनी है। लोकतंत्र को ख़त्म कर रहे हैं और लोकतंत्र को अपनी मर्जी से चलाना चाहते हैं। गृहमंत्री अमित शाह के बिहार दौरे को लेकर ललन सिंह ने कहा वह आते रहे, जितना दिन घूमना हैं घूमे, कौन रोक रहा है उन्हें। ललन सिंह ने कहा विपक्ष महागठबंधन का इंडिया नाम रखने से घबराहट में है।

