बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार के जी20 डिनर में शामिल होने पर जीतन राम मांझी का बयान, कहा क्या होगा आने वाले दिनों में
बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार शनिवार को जी 20 शिखर सम्मलेन के डिनर में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे। इस दौरान नितीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिले। उनकी इस मुलाकात के बाद से बिहार की राजनीती में एक बार फिर से कयासों का दौर शुरू हो गया। इसको लेकर हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी से मीडिया ने पूछा क्या नितीश कुमार फिर से एनडीए में आएंगे ? इसके जवाब में जीतन मांझी ने कहा कि जिस तरह से नितीश कुमार जी20 के डिनर में शामिल हुए हैं। पीएम मोदी ने उनकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से करायी है। कहाँ तो नितीश कुमार पीएम मोदी को देखना तक नहीं चाहते थे और कल उनके साथ सटकर खड़े थे। यह सब आने वाली राजनीती के बारे में संकेत है। क्या होगा आने वाले दिनों में देखिएगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति से मिले नितीश कुमार
जी20 डिनर में शामिल होने के लिए कई मुख्यमंत्रियों को राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण भेजा गया था। इसी कड़ी में नितीश कुमार शनिवार को दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितीश कुमार की मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से करायी। महागठंधन में शामिल होने के बाद नितीश कुमार ने पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। रविवार को नितीश कुमार पटना लौट आये।
मुख्यमंत्री नितीश कुमार शनिवार दोपहर में पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए। शनिवार रात में नितीश कुमार करीब चार घंटे तक जी20 डिनर पार्टी में रहे। रविवार की दोपहर में नितीश कुमार पटना पहुंचे। एयरपोर्ट पर जब मीडिया ने उनसे पूछा कि आपकी प्रधानमंत्री से मुलाकात हुयी। पीएम ने आपकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति से करायी। यह सवाल सुनकर नितीश कुमार ने अपनी गाड़ी को धीरे कराया और हाथ निकाल कर पत्रकारों का अभिवादन किया और आगे बढ़ गए। उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया।

