जेडीयू के एमएलसी राधा चरण साह के यहाँ ईडी की रेड, इससे पहले भी टैक्स चोरी के लिए पड़ चुकी है रेड
जेडीयू के एमएलसी राधा चरण साह के फार्म हॉउस पर आज सुबह केंद्रीय एजेंसी ईडी ने धावा बोल दिया। जेडीयू के एमएलसी राधा चंरण साह उर्फ़ सेठ जी के अनाईठ मठिया स्थित फार्म हाउस पर सुबह सुबह ईडी की टीम पहुंची। एक सप्ताह पूर्व ईडी ने राधा चरण और उसके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद को समन भेजा था। इससे पहले भी टैक्स चोरी के मामले में टीम रेड मर चुकी है।
आज सुबह सुबह चार इनोवा गाड़ियों में ईडी की टीम अनाईठ मठिया स्थित फार्म हाउस पर पहुंची। साथ में सीआरपीएफ की टीम भी थी। सीआरपीएफ के एक जवान ने बताया की ईडी की टीम है। इसके बाद राधा चरण के समर्थकों की भीड़ फार्म हाउस पर जमा हो गयी।
बालू के अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं
राधा चरण पर आरोप है कि वह बिहार में बालू माफियाओं के साथ मिलकर बालू के अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं। ईडी ने इस साल जून महीने में राधा चरण के अलग अलग ठिकानों पर रेड मारी थी। सूत्रों के अनुसार ईडी की पटना इकाई ने राधा चरण और उसके बेटे से पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। दोनों को 15 दिनों के अंदर ईडी के ऑफिस में आने के लिए कहा गया है।
बता दें कि इस साल के फरवरी महीने में इनकम टैक्स की टीम ने एमएलसी राधा चरण साह उर्फ सेठ के बाबू बाजार स्थित आवास, अनाईठ फार्म हाउस, शहीद भवन और आरा पटना बाईपास होटल में छापामारी की थी। इनकम टैक्स की टीम ने फरवरी में सेठ के 18 ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसमें पटना, आरा, बक्सर के साथ-साथ हरिद्वार, मनाली, नोएडा, झारखंड, दिल्ली और गाजियाबाद के ठिकाने शामिल हैं।
लगातार दो बार से जीते हैं एमएलसी का चुनाव
राधा चरण साह आरा बक्सर से लगातार दो बार एमएलसी का चुनाव जीत चुके हैं। 70 के दशक में राधा चरण साह की आरा रेलवे स्टेशन के बाहर जलेबी की दुकान हुआ करती थी। फिर बाद में वह होटल व्यवसाय में उतरे थे।

