May 19, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

26/11 मुंबई हमले का आरोपी तहव्वुर राणा 13 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में, एनआईए की चार्जशीट में कई नए खुलासे

नई दिल्ली स्थित पटियाला हाउस कोर्ट की एनआईए स्पेशल कोर्ट ने 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के मुख्य साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा की न्यायिक हिरासत को बढ़ा दिया है। अब राणा 13 अगस्त 2025 तक न्यायिक हिरासत में रहेगा। पिछली हिरासत की अवधि पूरी होने पर राणा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद कोर्ट ने यह फैसला सुनाया।

राणा के खिलाफ एनआईए की सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने तहव्वुर राणा के खिलाफ पटियाला हाउस कोर्ट में एक अतिरिक्त (सप्लीमेंट्री) चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में राणा की भूमिका को लेकर कई नए तथ्य सामने लाए गए हैं। चार्जशीट में यह आरोप लगाया गया है कि राणा ने पाकिस्तान की सेना और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकवादी संगठनों के साथ मिलकर भारत में आतंक फैलाने की साजिश रची थी। इसके अलावा, कोर्ट ने इस चार्जशीट पर विचार के लिए 13 अगस्त 2025 की तारीख तय की है।

राणा ने मांगी परिवार से बातचीत की अनुमति

कोर्ट में तहव्वुर राणा की ओर से एक अर्जी भी दायर की गई है जिसमें उसने नियमित रूप से अपने परिवार के सदस्यों से फोन पर बात करने की अनुमति मांगी है। इस याचिका पर सुनवाई 15 जुलाई 2025 को होगी।

पूछताछ में किए कई गंभीर खुलासे

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहव्वुर राणा ने पूछताछ के दौरान यह स्वीकार किया है कि 26/11 मुंबई हमले के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों और सेना की भूमिका थी। राणा ने यह भी बताया कि जब हमला हुआ था, उस समय वह मुंबई में मौजूद था और उसकी उपस्थिति हमले की रणनीति का हिस्सा थी।

लश्करतैयबा से ली थी आतंकी ट्रेनिंग

राणा ने यह भी कबूल किया है कि उसने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से आतंकवाद की ट्रेनिंग ली थी। वह अमेरिका में बंद आतंकी डेविड कोलमैन हेडली के साथ पाकिस्तान स्थित आतंकी शिविरों में प्रशिक्षण ले चुका है। दोनों ने मिलकर 26/11 मुंबई हमले की योजना बनाई और उसे अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

पाकिस्तानी सेना काभरोसेमंद एजेंटहोने का दावा

मुंबई क्राइम ब्रांच की पूछताछ में तहव्वुर राणा ने खुद को पाकिस्तान की सेना का “विश्वसनीय एजेंट” बताया है। उसने कहा कि भारत में हमले की योजना बनाने और उसे कार्यान्वित करने में उसे पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसियों का समर्थन प्राप्त था।

तिहाड़ जेल में बंद है राणा

फिलहाल तहव्वुर राणा दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है और राष्ट्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में उससे पूछताछ की जा रही है। यह पूछताछ 26/11 हमले से संबंधित मामलों के संदर्भ में की जा रही है, जिसमें 166 लोग मारे गए थे और सैकड़ों अन्य घायल हुए थे।

इस मामले की अगली सुनवाई 13 अगस्त को होगी, जहां कोर्ट एनआईए द्वारा दाखिल सप्लीमेंट्री चार्जशीट पर विचार करेगा। तहव्वुर राणा की गिरफ्तारी और उसके बयानों ने 26/11 हमले की जांच को एक नई दिशा दी है और पाकिस्तान के कथित संलिप्तता पर एक बार फिर सवाल उठाए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *