मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका, एक हजार कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का दामन
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और ऐसे समय पर बीजेपी को एक बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री शिवराज के गृह क्षेत्र बुदनी विधानसभा क्षेत्र से आज बीजेपी के एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बुदनी में दल बदल की सुगबुगाहट पिछले एक सप्ताह से जारी थी, लेकिन बीजेपी के नेताओं को इसकी भनक तक नहीं लगी। आज करीब एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने राजधानी भोपाल पहुंच कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
जिन कार्यकर्ताओं ने बीजेपी छोड़ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है उन्होंने आरोप लगाया कि बुदनी विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी के कुछ नेताओं ने बीजेपी को अपनी जागीर समझ लिया है। ये नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कार्तिकेय सिंह चौहान को इस कदर घेरे रहते हैं कि छोटे कार्यकर्त्ता उन तक अपनी बात पंहुचा ही नहीं पाते। कार्यकर्ताओं ने बताया कि काफी हद तक प्रयास किये कि अपनी बात शिवराज सिंह तक पंहुचा सकें लेकिन सफल नहीं हुए। आखिरकार थक हारकर पार्टी को अलविदा कहना पड़ा।
कमलनाथ ने दिलाई सदस्यता
बुदनी विधानसभा क्षेत्र से आये बीजेपी के कार्यकर्ताओं को पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई। बुदनी से यह कार्यकर्त्ता सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ भोपाल के पीसीसी कार्यालय पहुंचे। जहाँ कमलनाथ ने इन कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई। इसी के साथ कमलनाथ ने इन कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सभी कार्यकर्ताओं के मान सम्मान का ध्यान रखा जायेगा। बता दें बुदनी विधानसभा के बीजेपी नेता राजेश पटेल के अनुसार करीब 1500 कार्यकर्ताओं के साथ वे कांग्रेस की सदस्यता गृहण करने जा रहे हैं। बता दें बुदनी विधानसभा के कार्यकर्ताओं के अलावा आज महाकौशल, नर्मदापुरम और मालावा क्षेत्र के असंतुष्ट बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है।

