May 17, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच घमासान – शिवपाल यादव ने दी अपनी प्रतिक्रिया

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा को कांग्रेस ने एक भी सीट नहीं दी है। जिससे सपा और कांग्रेस के बीच तल्खी बढ़ गयी है। दोनों तरफ से एक दूसरे के लिए तीखी बयानबाजी हो रही है। जिससे इंडिया गठबंधन पर 2024 चुनाव को लेकर सवाल उठना शुरू हो गए हैं। अभी हाल ही में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बयान दिया था कि कांग्रेस 2024 लोकसभा चुनाव में यूपी में सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इस बयान पर सपा नेता शिवपाल यादव ने बड़ा बयान दिया है।

कांग्रेस को लेकर शिवपाल यादव ने कहा

सपा के राष्ट्रिय महासचिव शिवपाल यादव बलिया पहुंचे थे। वहां मीडिया ने जब उनसे कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के बयान पर सवाल किया तो उन्होंने कहा “हम तो भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए मजबूती से गठबंधन के साथ है। यूपी में सपा बीजेपी को हटाने का काम करेगी। हम तो चाहते हैं कि कांग्रेस भी साथ रहें, अन्य पार्टियां भी साथ रहें, जितनी भी सेक्यूलर पार्टियां हैं सब साथ रहें और बीजेपी को 2024 में हटाने का काम करेंगे।” इस पर मीडिया ने शिवपाल यादव से पुछा क्या कांग्रेस के बिना यह संभव हो पायेगा। इसके जवाब में उन्होंने कहा “हम तो कांग्रेस से भी यही कह रहे हैं कि वो हमारे साथ रहें, लोकसभा चुनाव में साथ रहे। हम मजबूती के साथ 2024 का चुनाव इंडिया गठबंधन के साथ लड़ना चाहते हैं और लड़ेंगे।”

कांग्रेस और सपा के बीच घमासान का क्या है मामला

दरअसल मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा को एक भी सीट नहीं मिली है। जिसके बाद से सपा और कांग्रेस में तीखी बयानबाजी हो रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि यदि उनको पता होता कि कांग्रेस पार्टी ऐसा करेगी तो वे उनसे बात ही नहीं करते। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जैसा व्यवहार मध्यप्रदेश में उनके साथ हुआ है वैसा ही उन्हें यूपी में भी देखने को मिलेगा। इसके जवाब में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दावा पेश कर दिया कि उनकी पार्टी यूपी में सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस एक राष्ट्रिय पार्टी है और अकेले चुनाव लड़ने की तागत रखती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *