May 18, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

मध्यप्रदेश में सीएम के चेहरे के सस्पेंस के बीच सिंधिया ने माँगा बीजेपी अध्यक्ष से मिलने का समय

मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की है। लेकिन अभी तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम का सस्पेंस बना हुआ है। इसी तरह राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री के नाम का सस्पेंस बना हुआ है। इसी बीच खबर आ रही है कि उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीजेपी के राष्ट्रिय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मिलने का समय माँगा है। खबर है कि गुरुवार शाम 7 बजे दोनों की मुलाकात हो सकती है।

दरअसल कुछ समय पहले खबर थी कि बीजेपी मध्यप्रदेश में नए चेहरे को मुख्यमंत्री बना सकती है। अब सवाल यह उठता है कि क्या बीजेपी अब आगे शिवराज सिंह चौहान को मौका नहीं देगी। सूत्रों से पता लगा है कि पार्टी उन नेताओं को भी मुख्यमंत्री बना सकती है जो विधायक नहीं हैं।  बता दें कि, शिवराज सिंह चौहान करीब 18 साल प्रदेश के सीएम रह चुके हैं। उन्होंने चार बार मध्य प्रदेश की कमान संभाली है। इस बार भी प्रचंड जीत के पीछे शिवराज सिंह चौहान की कल्याणकारी योजनाओं को सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है। लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता काफी है। यही वजह है कि सीएम के लिए अब भी उन्हें दावेदार माना जा रहा है।

सीएम की रेस में शामिल नेता

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा भी कई नेता सीएम की रेस में शामिल हैं। कैलाश विजयवर्गीय को जिस तरह पार्टी आलाकमान केंद्र की राजनीति से वापस राज्य की राजनीति में लाई है, इससे लगता है कि वह यहां पैर जमाने की तैयारी में हैं। ऐसे में कैलाश विजयवर्गीय को भी एमपी का सीएम बनाया जा सकता है। कैलाश विजयवर्गीय के अलावा प्रह्लाद पटेल भी सीएम की रेस में शामिल हैं। जिन्हें सांसद होने के बावजूद पार्टी ने विधायक का चुनाव लड़ाया। प्रह्लाद पटेल ने इसमें भी जीत हासिल की। इन्हे केंद्र का खास भी माना जाता है। साथ ही रीती पाठक को भी सीएम की रेस में शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *