Headlines

एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

Spread the love

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा चुनाव को लेकर दावा किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी इस लोकसभा चुनाव में अकेले ही 370 सीटें हासिल करेगी और एनडीए को 400 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। शिवराज सिंह चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कई नेता बीजेपी की जीत का दावा कर चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपनी एक रैली में कहा था कि पांच चरण के चुनाव के बाद साफ हो गया है कि जनता ने बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार चुन ली है। हमें बहुमत मिलने जा रहा है।

अमित शाह का दावा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की अपनी एक रैली में कहा था, “क्या आप जानना चाहते हैं कि अब तक एनडीए की स्थिति क्या है? मैं आपको बता सकता हूं कि पहले पांच चरणों के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए पहले ही 310 का आंकड़ा पार कर चुका है।”

वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में कहा था कि पांच चरणों के चुनाव संपन्न होने के बाद हम कह सकते हैं कि हम 400 पार का लक्ष्य पूरा करेंगे।

अब तक कितनी सीटों पर हुआ मतदान

पांचवें चरण की समाप्ति के साथ 25 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 428 लोकसभा सीटों पर मतदान हो गया है। छठे चरण का मतदान 25 मई को होना है। सातवें और आखिरी चरण के लिए मतदान 1 जून को होगा। लोकसभा चुनाव का परिणाम 4 जून को आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *