बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने स्वाति मालीवाल के साथ सीएम आवास पर हुयी मारपीट और बदसलूकी को लेकर अरविन्द केजरीवाल पर साधा निशाना
बीजेपी आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ सीएम आवास पर हुयी मारपीट और बदसलूकी को लेकर आप के राष्ट्रिय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल पर हमलावर है। इसी कड़ी में बीजेपी की नेता स्मृति ईरानी ने आज गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अरविन्द केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अरविन्द केजरीवाल स्वाति मालीवाल मामले पर अभी तक चुप्पी क्यों साधे हुए हैं।
स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे कहा, ”स्वाति मालीवाल की पिटाई के दौरान सीएम केजरीवाल के आवास पर उनके अलावा परिवार और स्टाफ का कौन सा सदस्य मौजूद था। इसकी जानकारी तो सिर्फ मालीवाल और केजरीवाल ही दे सकते हैं।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी नेता ने अरविन्द केजरीवाल से कई सवाल पूछते हुए कहा, “सीएम के आवास पर अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में स्वाति मालीवाल को क्यों मारा गया? केजरीवाल अब तक मामले में स्पष्ट तौर पर क्यों नहीं बोलते? इसका जवाब लोगों को अभी तक नहीं मिला है।”
वहीँ एक दिन पहले 22 मई को आप के राष्ट्रिय संयोजक ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा था, ‘‘मैं उम्मीद करता हूं कि निष्पक्ष जांच होगी। न्याय होना चाहिए। घटना को लेकर दो बयान हैं। पुलिस को दोनों बयानों के संबंध में निष्पक्ष तरीके से जांच करनी चाहिए और न्याय किया जाना चाहिए।’’
चुप्पी वाले बयान पर बोले कांग्रेस नेता शशि थरूर
स्वाति मालीवाल केस को लेकर बीजेपी की तरफ से उठ रहे चुप्पी वाले बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि केजरीवाल की चुप्पी महत्वपूर्ण नहीं है। लोकसभा चुनाव में आम लोगों के मुद्दे ज्यादा मायने रखते हैं।
शशि थरूर ने आगे कहा, “आप का आधिकारिक बयान आ गया है। मुझे इसमें कुछ भी जोड़ने की जरूरत नहीं दिखती। वह हमारी नियुक्त व्यक्ति नहीं है। इसलिए, यदि वे जानते हैं तो उन्हें ही बोलने दें। दूसरी बात यह कि इस मुद्दे को बार-बार उठाकर बीजेपी क्या चाहती है? वह ये देखना चाहती है कि देश की जो हकीकत लोगों ने महसूस की है – बेरोजगारी, महंगाई – उस पर चर्चा न हो। यह इस देश के भविष्य के लिए चुनाव है। हम 140 करोड़ भारतीयों के भविष्य के बारे में सोच रहे हैं। कानून को अपना काम करने दें।”
