Headlines

दिल्ली में मतदान के दिन पाकिस्तान नेता ने किया अरविन्द केजरीवाल का समर्थन, अरविन्द केजरीवाल ने दिया जवाब, बीजेपी ने आप पर साधा निशाना

Spread the love

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान के दौरान पाकिस्तान के नेता चौधरी फवाद हुसैन ने दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल के समर्थन में अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया। पाकिस्तान नेता फवाद हुसैन ने दिल्ली के सीएम और उनके परिवार की फोटो शेयर कर कहा कि शांति और सद्भावना भारत में नफरत और उग्रवाद की ताकतों को मात दें।

बीजेपी ने आप पर साधा निशाना

पाकिस्तानी नेता द्वारा आप के राष्ट्रिय संयोजक अरविन्द केजरीवाल को समर्थन देने की पोस्ट को बीजेपी की दिल्ली इकाई ने मुद्दा बनाने की कोशिश की। बीजेपी के दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, “यह पाकिस्तान की अरविंद केजरीवाल के पक्ष में वोट की अपील है। दिल्ली और देशवासियों, गृहमंत्री अमित शाह की बात का सबूत देखिए, उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल के ज्यादातर समर्थक पाकिस्तान से हैं! लीजिए आ गया उसका एक और सबूत। अभी भी वक्त है, सोच समझकर वोट करिए !”

केजरीवाल ने दिया पाकिस्तानी नेता को जवाब

दिल्ली बीजेपी की तरफ से एक्स पर पोस्ट आने के बाद अरविन्द केजरीवाल ने पाकिस्तानी नेता फवाद हुसैन को जवाब दिया। अरविन्द केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, “चौधरी साहब, मैं और मेरे देश के लोग आंतरिक मसलों को संभालने में पूरी तरह सक्षम हैं। आपके ट्वीट की जरूरत नहीं है। इस वक्त पाकिस्तान के हालात बहुत खराब हैं। आप अपने देश को संभालिए।”

अरविन्द केजरीवाल के एक्स पर जवाब के बाद फवाद हुसैन ने अपनी प्रतिक्रिया दी। फवाद हुसैन ने एक्स पर लिखा, “सीएम साहब! वास्तव में चुनाव प्रचार आपका निजी मुद्दा है पर उम्मीद है कि आप उग्रवाद पर बोलेंगे, चाहे वह पाकिस्तान में हो या भारत में…यह एक सीमाहीन घटना है और सभी के लिए खतरनाक है। चाहे वह बांग्लादेश हो, भारत हो या फिर पाकिस्तान, इसलिए कुछ विवेक के साथ हर किसी को चिंतित होना चाहिए। पाकिस्तान में स्थिति आदर्श से बहुत दूर है लेकिन लोगों के बेहतर समाज के लिए प्रयास करना चाहिए।”

फवाद हुसैन ने अपने इस पोस्ट के बाद एक और पोस्ट एक्स पर की। जिसमे उन्होंने लिखा, “इंडिया में नेताओं के भाषण पाकिस्तान की आलोचना बगैर पूरे नहीं होते, जबकि पाकिस्तान में किसी को भी भारतीय राजनीति की परवाह नहीं है, ऐसा क्यों है? एक कारण यह हो सकता है कि पाकिस्तान मुस्लिम भारत के महत्व का पर्याय है और बीजेपी मुस्लिम विरोधी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए पाकिस्तान का इस्तेमाल करती है?”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *