यूजीसी नेट परीक्षा का पेपर लीक की वजह से परीक्षा रद्द, जल्द ही परीक्षा की नई तारीख का होगा ऐलान
यूजीसी नेट की परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यह परीक्षा जो कि एनटीए द्वारा कराई जाती है, इसे रद्द कर दिया गया है। शिक्षा मंत्रालय ने परीक्षा को रद्द करने पर कहा कि उन्हें परीक्षा में गड़बड़ी की जानकारी गृहमंत्रालय से मिली थी। जिसके बाद इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया। वहीं यूजीसी नेट परीक्षा में गड़बड़ी की जाँच कर रही सीबीआई के हाथ बड़ी जानकारी लगी है। सीबीआई ने अपनी जाँच में कहा है कि यूजीसी नेट परीक्षा का पेपर लीक हुआ था। इस पेपर को एग्जाम से एक दिन पहले डार्कनेट पर डाला गया था।
दरअसल यूजीसी नेट परीक्षा को रद्द करने के बाद सरकार ने इसकी जाँच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंप दी थी। सीबीआई अपनी जाँच में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेपर लीक कहाँ से हुआ था। सीबीआई को अपनी शुरूआती जाँच में पता लगा कि पेपर 17 जून को लीक हुआ था। जिसके बाद उसे एंक्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाला गया। इसके बाद आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से इसे डार्कनेट पर डाल दिया। सीबीआई केस से जुड़ी डिटेल्स इकट्ठा करने के लिए एनटीए और अन्य एजेंसियों के संपर्क में है।
परीक्षा की नई तारीख का जल्द होगा ऐलान
शिक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि यूजीसी नेट परीक्षा की नई तारीख का जल्द ही ऐलान किया जायेगा। इसके लिए तारीखों समेत अन्य जरूरी चीजों का ऐलान अलग से साझा किया जाएगा। यूजीसी नेट एग्जाम के माध्यम से भारतीयों को जूनियर रिसर्च फेलोशिप, सहायक प्रोफेसर के रूप में नियुक्ति और देश की यूनिवर्सिटी एवं कॉलेजों में पीएचडी में एडमिशन के लिए एलिजिबिलिटी निर्धारित की जाती है। हर साल लाखों की संख्या में छात्र इस एग्जाम में बैठते हैं। इस साल इस परीक्षा में 9 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था।
