18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन संसद परिसर में अखिलेश यादव के साथ दिखे अवधेश प्रसाद
आज सोमवार की सुबह संसद भवन के परिसर में 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन विपक्षी गठबंधन इंडिया के नवनिर्वाचित सदस्य एकत्र हुए। इसके साथ ही सपा के सांसद भी संसद भवन में प्रवेश करने से पहले एकत्रित हुए और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में संसद भवन में प्रवेश किया। इस पूरी घटना के समय एक तस्वीर खास दिखी। जब अखिलेश यादव अपनी पार्टी के सांसदों के साथ संसद भवन में प्रवेश कर रहे थे। उस समय फ़ैजाबाद के सांसद अवधेश प्रताप पासी उनके साथ नजर आये। इतना ही नहीं जब अखिलेश यादव संसद में बैठे तो अवधेश प्रताप अखिलेश यादव के साथ ही बैठे। इस पूरी घटना की तस्वीर सुर्खियों में बनी रही और सियासी समीकरण के लिए लिहाज से इसे काफी अहम माना गया।
विपक्षी सांसदों के हाथों में दिखी संविधान की प्रति
सपा प्रमुख के साथ अवधेश प्रताप का नजर आना सपा की पीडीए रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इसके साथ सभी विपक्षी गठबंधन के सांसदों के हाथों में संविधान की प्रति भी देखी गयी। विपक्ष के इस फैसले को भी आरक्षण के मुद्दे पर बीते दिनों हुई बयानबाजी से जोड़कर देखा गया।
इसके बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह जो आक्रमण संविधान पर कर रहे हैं, वो हमारे लिए स्वीकार्य नहीं है और वो हम नहीं होने देंगे। इसलिए हमने शपथ लेते समय संविधान पकड़ा था। हिंदुस्तान के संविधान को कोई शक्ति नहीं छू सकती।”
बता दें कि अठारहवीं लोकसभा के पहले सत्र में नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली। उसके बाद 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
