दिल्ली में बारिश के कारण हुए जलभराव पर विपक्षी गठबंधन में दरार, कांग्रेस और आप आमने सामने
दिल्ली में बारिश की वजह से हुए जलभराव के कारण विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन में दरार पड़ने लगी है। ऐसा इसलिए क्योंकि दिल्ली में शुक्रवार 28 जून को हुयी भारी बारिश की वजह से कई स्थानों पर जलभराव देखने को मिला। जिसके कारण कांग्रेस ने दिल्ली की आप सरकार पर निशाना साधा। इस पर आप ने कांग्रेस पर पलटवार किया।
कांग्रेस ने आप पर साधा निशाना
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार पर दिल्ली में बारिश के कारण हुए जलभराव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “दिल्ली का कोई भी इलाका ऐसा नहीं है जहां आज जलभराव न हुआ हो, चाहे रेलवे स्टेशन हों, एयरपोर्ट हों, पार्क हों या रिहायशी इलाके हों। पहली बार दिल्ली थम गई। हम नियमित रूप से चिट्ठी लिखकर सरकार को मानसून के बारे में सचेत करते रहे हैं, लेकिन संकट के समय में दिल्ली सरकार भाग जाती है जैसा कि आज देखा गया है।”
आप ने किया पलटवार
कांग्रेस के इस वार पर आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “देश में विपक्षी दल संविधान को बचाने के लिए लड़ रहे हैं. विपक्षी दलों के बीच विभाजन अच्छा नहीं है. विभिन्न राज्यों में स्थानीय नेतृत्व को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है.”
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “देवेंद्र यादव खुद चुनाव हार रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर हम सभी इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं और हम स्थानीय स्तर पर अनावश्यक बहस में नहीं पड़ना चाहते।”
वही दूसरी तरफ बीजेपी भी दिल्ली में हुए जलभराव को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साध रही है।
