बंगाल में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ममता बनर्जी पर जमकर बरसे, कहा पीएम जो पैसा भेजते हैं वह करप्शन की भेट चढ़ जाता है
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में आज रविवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर नवनिर्मित यात्री टर्मिनल भवन और कार्गो गेट का उद्घाटन किया। पेट्रापोल (भारत)-बेनापोल (बांग्लादेश), व्यापार और यात्री आवाजाही दोनों के मामले में भारत-बांग्लादेश के लिए सबसे महत्वपूर्ण भूमि सीमा क्रॉसिंग में से एक है। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह ममता बनर्जी पर जमकर बरसे।
ममता बनर्जी पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर यात्री टर्मिनल भवन और कार्गो गेट का उद्घाटन करने के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने लोगों का सम्बोधित किया। अपने सम्बोधन के दौरान उन्होंने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी बंगाल के विकास के लिए कटिबद्ध हैं। इंडिया अलाइंस वालों को पूछना चाहता हूं कि ममता बनर्जी भी उनकी सदस्य रहीं, मंत्री भी रहीं, उन्होंने 10 साल में बंगाल को क्या दिया? ममता बनर्जी जवाब नहीं देती हैं, लेकिन मैं जवाब लेकर आया हूं। यूपीए की सरकार में केवल 2 लाख 9 हजार करोड़ रुपया दिया गया। नरेंद्र मोदी की सरकार ने 2014 से 2024 तक दस सालों में 7 लाख 74 हजार करोड़ रुपया बंगाल को दिया है।”
करप्शन की भेट चढ़ जाता है– गृहमंत्री
गृहमंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आगे कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल में जो पैसा भेजते हैं, वो करप्शन की भेट चढ़ जाता है। आपके अच्छे दिन अब दूर नहीं हैं। 2026 विधानसभा चुनाव की गणना के साथ ही यहां पर अच्छे दिन शुरू होने वाले हैं। मनरेगा को लेकर ममता बनर्जी कहती हैं कि बंगाल के साथ अन्याय हो रहा है। यूपीए के समय मनरेगा में ममता बनर्जी सरकार में शामिल थीं, उस समय बंगाल को 15 हजार करोड़ रुपया दिया गया था। एनडीए की सरकार में पीएम मोदी ने 10 साल में 56 हजार करोड़ रुपया बंगाल को दिया। इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि मनरेगा का पैसा लोगों तक पहुंचता है या टीएमसी के कर्यकर्ताओं के पास जाता है।”
