May 17, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर उत्साहित दिखी इंडियन टीम, बीसीसीआई ने वीडियो जारी कर दी जानकारी

22 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच बार्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024 का पहला टेस्ट मैच शुरू होगा। इस सीरीज को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नजरिये से देखें तो इंडियन टीम के लिए यह सीरीज जीतना बहुत जरुरी है। अगर इंडियन टीम को बिना किसी सहारे के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचना है तो उसे इस सीरीज के चार मैच जीतने होंगे।

सीरीज शुरू होने से पहले बीसीसीआई ने एक वीडियो जारी किया है जिसमे इंडियन टीम और कोच ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल और दोनों सहायक कोच (अभिषेक नायर और रायन टेन डोइशे) ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया, हम आ गए हैं।” अभिषेक नायर ने बताया कि यहां आकर अच्छा खेलना ही अपने आप में एक चुनौती है, लेकिन विराट कोहली, रोहित शर्मा, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन को यहां खेलने का काफी अनुभव है। उनके होने से युवा खिलाड़ियों को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को आज के समय में साल में होने वाले सबसे खास क्रिकेट टूर्नामेंट्स में से एक की संज्ञा दी।

गंभीर ने बढ़ाया टीम का मनोबल

अभिषेक नायर ने वीडियो में बताया कि कोच गौतम गंभीर ने टीम के खिलाडियों से बात की और सभी का मनोबल भी बढ़ाया। उन्होंने कहा, “अभ्यास सत्र शुरू होने से पहले गौतम भाई ने सभी खिलाड़ियों से बात की। रोहित, विराट और अश्विन भी युवाओं से बात कर रहे हैं कि कैसे ऑस्ट्रेलिया सीरीज समाप्त होने के बाद वो एक बेहतर क्रिकेटर बन चुके होंगे।” रायन टेन डोइशे ने कहा कि भारत का लगातार दो बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीतना गौरव का विषय है।

इस सीरीज का पहला मैच 22 नवंबर को पर्थ में खेला जायेगा। रिपोर्ट्स अनुसार पर्थ की पिच से तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलने का अनुमान है, जिसमें काफी तेज उछाल देखा जा सकता है। यह भी गौर करने वाली बात होगी कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा पहला टेस्ट नहीं खेल रहे होंगे और उनकी जगह जसप्रीत बुमराह कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *