दिल्ली की सीएम आतिशी और आप नेता संजय सिंह ने कांग्रेस से अजय माकन के खिलाफ कार्यवाही की मांग की
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें सूत्रों से जानकारी मिली है कि बीजेपी कांग्रेस के उम्मीदवारों को फंडिंग कर रही है। इसमें संदीप दीक्षित और फरहाद सूरी प्रमुख हैं। जिन्हे बीजेपी से करोड़ों रुपये की फंडिंग हुयी है। यदि उन्हें यह लगता है कि हम एंटीनेशन हैं तो फिर लोक सभा का चुनाव हमसे गठबंधन करके क्यों लड़ा। अरविंद केजरीवाल से क्यों प्रचार कराया।
सीएम आतिशी ने आगे कहा, “आप को हराने और बीजेपी को जीताने के लिए कांग्रेस ने सांठगांठ की है। अगर ऐसा नहीं है तो कांग्रेस 24 घंटे में अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करे, यूथ कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई करे, जिन्होंने मेरे और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर कराई है।”
संजय सिंह ने बोला कांग्रेस पर हमला
वहीं दूसरी ओर आप नेता संजय सिंह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, “दिल्ली में कांग्रेस पार्टी बीजेपी के पक्ष में खड़ी हुई है और हर वो काम कर रही है, जिससे बीजेपी को चुनाव में फायदा हो। कांग्रेस नेता अजय माकन बीजेपी की लिखी स्क्रिप्ट पढ़ते हैं। उनके कहने पर आप के खिलाफ बयान देते हैं। कल तो उन्होंने हद पार करते हुए अरविंद केजरीवाल को एंटी नेशनल भी कह दिया। आज तक अजय माकन ने बीजेपी के किसी नेता को एंटी नेशनल नहीं कहा है। कांग्रेस नेता अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा रहे हैं। जबकि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और चंडीगढ़ में कांग्रेस के पक्ष में प्रचार किया था। हम संसद में हर मुद्दे पर कांग्रेस के साथ खड़े रहते हैं। हमने हरियाणा में गठबंधन की कोशिश की बात नहीं बनी तो अकेले चुनाव लड़े, लेकिन हमारी पार्टी से किसी ने भी एक अपशब्द कांग्रेस के खिलाफ नहीं बोला है।”
संजय सिंह ने आगे कहा, “कांग्रेसी की लिस्ट देखें तो लगता है कि बीजेपी के दफ्तर से बनकर आ रही है। संदीप दीक्षित को चुनाव कौन लड़ा रहा है? कांग्रेस से मेरी मांग है कि 24 घंटे में अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करें वरना हम इंडिया ब्लॉक के अन्य दलों से अपील करेंगे कि कांग्रेस को अलग करें।”
