बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड सरकार में मंत्री संजय यादव ने किया बड़ा दावा
आरजेडी के नेता और झारखंड सरकार में श्रम और रोजगार मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि झारखंड की तरह बिहार में भी एनडीए की जमानत जब्त हो जाएगी। इसी के साथ बिहार में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। दुमका पहुंचने पर उन्होंने एबीपी न्यूज़ चैनल को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में पटना में हुयी आरजेडी की बैठक को लेकर कहा कि लालू प्रसाद यादव ने राष्ट्रिय कार्यकारिणी की पूरी जिम्मेदारी तेजस्वी यादव को दे दी है।
बैठक को लेकर संजय प्रसाद यादव ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव को राष्ट्रिय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने अपना समर्थन दिया है। अब तेजस्वी यादव सभी निर्णय स्वतंत्र रूप से ले सकते हैं। अब तेजस्वी यादव किंग मेकर की भूमिका निभाएंगे और आने वाले समय में बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।
राहुल गाँधी के बिहार दौरे को लेकर दिया बयान
संजय प्रसाद यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के बिहार दौरे को लेकर कहा कि सभी राजनितिक लोग हैं और राजनितिक गठबंधन के पक्ष में काम कर रहे हैं। अब एक महीने बाद बिहार में गृह मंत्री अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी जैसे गुजराती लोग यहां पर दौरा करेंगे। कहीं अमित शाह लिट्टी चोखा खाएंगे तो कहीं पीएम मोदी दाल-भात खाएंगे। लेकिन अब जनता जाग चुकी है। बिहार के लोग तेजस्वी यादव के अलावा किसी को भी पसंद नहीं करते हैं। तेजस्वी हैं तो बिहार में हिम्मत है।
बिहार में झारखंड की तरह एनडीए का सूपड़ा साफ़
आरजेडी नेता और झारखंड सरकार में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव ने बिहार के युवाओं के लिए कार्य किये, बेरोजगारों को नौकरी दी है। बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर झारखंड के तर्ज पर महिलाओं के लिए मईया सम्मान योजना, कृषि ऋण माफ़, बिजली बिल माफ़ और 200 यूनिट बिजली फ्री देने की घोषणा की है। जिससे निश्चित रूप से बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और अगले मुख्यमंत्री के तौर पर तेजस्वी यादव शपथ ग्रहण करेंगे। झारखंड की तरह ही बिहार में भी एनडीए का सूपड़ा-साफ़ होगा।
