Headlines

रेखा गुप्ता ने ली दिल्ली के सीएम पद की शपथ, साथ ही छः विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ

Spread the love

दिल्ली के रामलीला मैदान में आज दिल्ली के सीएम पद की शपथ का समारोह आयोजित हुआ। बीजेपी की नेता रेखा गुप्ता ने दिल्ली के सीएम पद की शपथ ली। उन्होंने दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना के उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे। रेखा गुप्ता के साथ छः विधायकों – प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

दिल्ली के विकास और भष्टाचार मुक्त शासन का लिया संकल्प

रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दिल्ली के विकास और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प लिया। उन्होंने कहा, “हमने दिल्ली से जो वादे किये हैं, उन्हें पूरा करना हमारी प्राथमिकता होगी। जिसने भ्रष्टाचार किया है, उसे एक एक रुपये का हिसाब देना होगा।”

इस महत्वपूर्ण अवसर पर रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और राजधानी के समग्र विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का वचन दिया।

रेखा गुप्ता का राजनितिक सफर

रेखा गुप्ता का राजनितिक सफर छात्र जीवन से शुरू होकर मुख्यमंत्री पद तक पहुंचा है। 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में पढ़ाई के दौरान, उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के साथ अपनी राजनितिक यात्रा शुरू की। 1996-97 में वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं, जहाँ उन्होंने छात्रों से सम्बंधित मुद्दों को सक्रीय रूप से उठाया।

2007 में वह उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गयीं। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी, पार्क और स्विंमिंगपूल जैसी सार्वजनिक सुविधाओं के विकास पर ध्यान केंद्रित किया। 2012 में फिर से वह पार्षद चुनी गयी और बाद में दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर के रूप में कार्य किया, जिससे उनके प्रशासनिक अनुभव में वृद्धि हुई।

रेखा गुप्ता आरएसएस से भी जुडी रही हैं और 2002 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं। उन्होंने पार्टी की युवा शाखा की राष्ट्रिय सचिव के रूप में कार्य किया। मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा की प्रभारी रहीं। महिला कल्याण और बाल विकास समिति की प्रमुख के रूप में, उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई पहलों का नेतृत्व किया।

2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग़ (उत्तर-पश्चिम) निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की, जहाँ उन्होंने आप की प्रत्याशी वंदना कुमारी को हराया। इस जीत के साथ भाजपा ने 12 वर्षों बाद इस सीट पर कब्ज़ा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *