Headlines

गृहमंत्री अमित शाह ने पटना में एक रैली को संबोधित किया, इस दौरान उन्होंने लालू यादव पर जोरदार हमला बोला

Spread the love

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पटना के पालीगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए राजद और कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों के शीर्ष नेताओं ने हमेशा अपने परिवारों के हित में काम किया है, जबकि गरीब जनता के लिए कुछ नहीं किया। अमित शाह ने लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने पिछड़ों, अतिपिछड़ों और गरीबों की भूमि हड़पने का काम किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार में डबल इंजन की सरकार बन गई है, जो भू-माफियाओं को उल्टा लटकाकर सीधा करने का काम करेगी।

कांग्रेस पर भी बोला हमला

कांग्रेस पार्टी पर भी हमला करते हुए शाह ने कहा कि इस पार्टी ने हमेशा अपने परिवार का ख्याल रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गाँधी का एकमात्र लक्ष्य राहुल गाँधी को प्रधानमंत्री बनाना है, जबकि लालू यादव का लक्ष्य अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है। शाह ने दावा किया कि केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी ही गरीबों का भला कर सकती है।

गृहमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि कांग्रेस और राजद लंबे समय तक सत्ता में रहे, लेकिन उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया।

राजद और कांग्रेस घोटालों की पार्टियांअमित शाह

इसके अलावा शाह ने आरोप लगाया कि राजद और कांग्रेस घोटालों की पार्टियां हैं। उन्होंने राजद पर चारा घोटाला, वर्दी घोटाला, पाइप घोटाला, रेलवे होटल आवंटन घोटाला, बालू घोटाला और अरबों रुपये की बेनामी संपत्ति बनाने का आरोप लगाया। कांग्रेस पर उन्होंने कॉमनवेल्थ घोटाला, कोयला घोटाला, टूजी घोटाला, ऑगस्टा वेस्टलैंड घोटाला और चिटफंड घोटाले का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर एक पैसे के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। अमित शाह ने बिहार के लोगों से आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने की अपील की, ताकि राज्य में विकास और सुशासन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *