Headlines

इंग्लैंड रवाना हुई टीम इंडिया: गंभीर बोले- “हजार रन जीत की गारंटी नहीं”, बुमराह को लेकर किया खुलासा

भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे के लिए आज यानी गुरुवार, 5 जून को रवाना हो चुकी है। टीम को इस दौरे पर इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेलनी है, जिसकी शुरुआत 20 जून से होगी। रवाना होने से पहले टीम इंडिया के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने सीरीज़ की रणनीति, खिलाड़ियों की फिटनेस और चयन को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।

टेस्ट मैच जीतने के लिए जरूरी है गेंदबाज़ी: गौतम गंभीर

गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान टेस्ट क्रिकेट की बारीकियों पर बात करते हुए कहा कि सिर्फ रनों का अंबार लगाना टेस्ट मैच जीतने के लिए काफी नहीं है। उन्होंने साफ तौर पर कहा,
“आप भले ही हजार रन बना लें, लेकिन अगर आप विपक्षी टीम के 20 विकेट नहीं निकालते हैं, तो टेस्ट मैच नहीं जीत सकते।”

गंभीर ने यह भी कहा कि उनका ध्यान हमेशा ऐसी प्लेइंग इलेवन चुनने पर रहेगा, जो मैच जिता सके। इसके लिए चाहे उन्हें स्पिन ऑलराउंडर चुनने हों या पेस ऑलराउंडर। उनका फोकस 20 विकेट लेने की क्षमता वाली टीम बनाने पर रहेगा।

बुमराह के खेलने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

कप्तान शुभमन गिल से जब तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि टीम के पास 10 गेंदबाज़ मौजूद हैं, जो परिस्थितियों के अनुसार खेलने के लिए तैयार हैं। गिल ने कहा,
“जब भी बुमराह हमारे लिए खेलते हैं, वह बहुत अच्छा होता है। लेकिन उनकी अनुपस्थिति में भी हमारे पास विकल्प हैं, जो टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।”

गौतम गंभीर ने बुमराह को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि अभी तक यह तय नहीं किया गया है कि बुमराह कितने टेस्ट मैच खेलेंगे। यह सीरीज के बीच में खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।

रोड शो पर गंभीर की दो टूक राय

हाल ही में आईपीएल जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के रोड शो के दौरान हुई भगदड़ की घटना पर भी गंभीर ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वे ऐसे आयोजनों के हमेशा खिलाफ रहे हैं। उन्होंने कहा,
“जब हमने 2007 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था, तब भी मैं रोड शो के समर्थन में नहीं था। जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें सोच-समझकर ऐसे आयोजनों का हिस्सा बनना चाहिए।”

गंभीर ने यह भी जोड़ा कि अगर किसी आयोजन से लोगों की जान को खतरा हो सकता है, तो वह बिल्कुल भी उचित नहीं है। उन्होंने कहा,
“हम 11 लोगों की जान खोने का जोखिम नहीं ले सकते। यह बेहद दुखद है और हमें इससे सबक लेना चाहिए।”

चयन को लेकर गंभीर और गिल का रुख

टीम चयन को लेकर पूछे गए सवालों पर गौतम गंभीर ने करुण नायर और श्रेयस अय्यर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि करुण नायर ने इंडिया-ए के लिए शानदार प्रदर्शन किया है, और सिर्फ 1-2 मैचों में किसी खिलाड़ी को आंकना सही नहीं है।

श्रेयस अय्यर के न चुने जाने को लेकर उन्होंने साफ किया कि टीम में जगह सीमित है।
“हम सिर्फ 18 खिलाड़ियों को ही चुन सकते हैं। ऐसे में कुछ अच्छे खिलाड़ियों को बाहर रहना ही पड़ता है।”

वहीं शुभमन गिल ने कहा कि बल्लेबाजी क्रम को लेकर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
“हम इंग्लैंड पहुंचकर एक इंट्रा-स्क्वाड मैच खेलेंगे और 10 दिन का कैंप करेंगे। इसके बाद ही बल्लेबाजी का संयोजन तय करेंगे।”

भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली यह टेस्ट सीरीज दोनों टीमों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। एक ओर जहां कप्तान के रूप में शुभमन गिल की यह पहली बड़ी टेस्ट चुनौती होगी, वहीं कोच के रूप में गौतम गंभीर की रणनीति और सोच भी टीम इंडिया की दिशा तय करेगी। अब देखना यह होगा कि इंग्लैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में टीम इंडिया किस तरह से प्रदर्शन करती है और क्या वह सीरीज जीतने में सफल हो पाती है या नहीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *