May 19, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान: सपा सरकार बनने पर महिलाओं को मिलेगा 3000 रुपये मासिक सम्मान

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक अहम घोषणा करते हुए महिला मतदाताओं को लेकर बड़ा दांव चला है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अगर आगामी चुनावों में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो ‘स्त्री सम्मान योजना’ को लागू किया जाएगा, जिसके अंतर्गत गरीब महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

महिला सशक्तिकरण को लेकर सपा का वादा

लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा, “अगर जनता हमें फिर से सेवा का अवसर देती है, तो समाजवादी सरकार महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक योजना शुरू करेगी, जिसका नाम ‘स्त्री सम्मान योजना’ होगा। इसके तहत गरीब वर्ग की महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में दिए जाएंगे।”

उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें सम्मान की ज़िंदगी देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह योजना विशेष रूप से उन महिलाओं को लाभ देगी जो सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग से आती हैं।

भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “आज महिलाओं और बेटियों के साथ सबसे अधिक अन्याय भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हो रहा है। उनके खिलाफ झूठे केस दर्ज किए जा रहे हैं और पुलिस तंत्र का दुरुपयोग करके उन्हें परेशान किया जा रहा है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार महिला सुरक्षा के नाम पर केवल झूठा प्रचार कर रही है जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों में महिलाओं को बड़ी संख्या में टिकट देकर उनकी राजनीतिक भागीदारी भी सुनिश्चित करेगी।

चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की आत्मा निष्पक्ष चुनाव में है, लेकिन आज की स्थिति में स्वतंत्र चुनाव कराने की ज़िम्मेदारी निभाने वाले संस्थानों पर ही प्रश्नचिह्न लगने लगे हैं।

ईरानइजराइल संकट पर अखिलेश यादव की टिप्पणी

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी अखिलेश यादव ने अपनी राय रखी। उन्होंने ईरान-इजराइल तनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि “बुरे वक्त में कौन आपके साथ खड़ा होता है, यह दोस्ती की असली परीक्षा होती है। अगर कोई ऐसा देश जो कभी भारत के लिए खड़ा रहा हो, और हम आज उसके साथ न खड़े हों, तो यह हमारी विदेश नीति की विफलता और विश्वासघात है।”

कुंभ हादसे और काले धन पर फिर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने कुंभ मेले के दौरान हुई मौतों को लेकर सरकार पर आंकड़े छुपाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “सरकार ने जानबूझकर मौत के सही आंकड़े नहीं बताए क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि पहले की घटनाओं से ज्यादा संख्या सामने आए।” इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि “दुनिया में पहली बार ऐसा देखने को मिला है जब काला धन खुद पुलिस लेकर जाती नजर आई।”

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के इस प्रेस वार्ता से यह स्पष्ट हो गया है कि पार्टी ने आगामी चुनावों की रणनीति बनानी शुरू कर दी है और महिला मतदाताओं को साधने की दिशा में बड़ा दांव खेला गया है। स्त्री सम्मान योजना के माध्यम से सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 3000 रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा करके अखिलेश ने महिला सशक्तिकरण के मुद्दे को चुनावी केंद्र में लाने की कोशिश की है। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार पर महिला उत्पीड़न, आंकड़े छुपाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *