May 17, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

केकेआर के खिलाफ मैच में इतिहास रच सकते हैं कगिसो रबाडा, मोहम्मद शमी का रिकॉर्ड खतरे में

आईपीएल 2026 का 60वां मुकाबला आज कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला जाएगा। यह मैच कोलकाता के मशहूर ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। गुजरात टाइटंस अगर यह मैच जीत जाती है तो वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी। वहीं दूसरी तरफ कोलकाता नाइट राइडर्स की हार से उनका प्लेऑफ में पहुंचने का सपना लगभग खत्म हो सकता है।

इस मुकाबले में सभी की नजरें गुजरात के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा पर भी रहेंगी। रबाडा के पास आईपीएल इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका है। वह पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने से सिर्फ कुछ कदम दूर हैं।

मोहम्मद शमी का रिकॉर्ड टूटने के करीब

आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के नाम दर्ज है। शमी ने यह उपलब्धि साल 2023 में हासिल की थी। उस समय वह गुजरात टाइटंस का हिस्सा थे और पूरे सीजन में शानदार गेंदबाजी करते हुए उन्होंने पावरप्ले में 17 विकेट झटके थे। उस सीजन में शमी ने कुल 28 विकेट लिए थे और उनकी घातक गेंदबाजी ने गुजरात को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई थी।

अब तीन साल बाद कगिसो रबाडा उसी रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। आईपीएल 2026 में रबाडा अब तक पावरप्ले में 16 विकेट हासिल कर चुके हैं। अगर वह आज के मैच में एक विकेट लेते हैं तो शमी के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। वहीं दो विकेट लेते ही वह आईपीएल इतिहास में एक सीजन के पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।

रबाडा इस पूरे सीजन में शानदार लय में नजर आए हैं। नई गेंद से उनकी तेज रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ बल्लेबाजों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। शुरुआती ओवरों में विकेट निकालने की उनकी क्षमता ने गुजरात को कई मैचों में मजबूत शुरुआत दिलाई है।

सिराज और रबाडा की जोड़ी कर रही कमाल

दक्षिण अफ्रीका के स्टार गेंदबाज रबाडा साल 2025 में गुजरात टाइटंस से जुड़े थे। इस सीजन में उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के साथ मिलकर शानदार गेंदबाजी की है। दोनों की जोड़ी विपक्षी टीमों के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बना रही है।

रबाडा ने इस सीजन अब तक 12 मैचों में 21 विकेट लिए हैं। वह इस समय पर्पल कैप की दौड़ में भी मजबूती से बने हुए हैं। आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में वह दूसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे सिर्फ भुवनेश्वर कुमार हैं, जिनके नाम 22 विकेट दर्ज हैं। ऐसे में आज का मुकाबला रबाडा के लिए पर्पल कैप की रेस में आगे निकलने का भी बड़ा मौका होगा।

प्लेऑफ में जगह पक्की करना चाहेगी गुजरात

गुजरात टाइटंस इस समय अंक तालिका में दूसरे स्थान पर मौजूद है। टीम ने अब तक खेले गए 12 मुकाबलों में 8 मैच जीते हैं और उसके खाते में 16 अंक हैं। टीम का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन आज की जीत उसे आधिकारिक तौर पर अंतिम चार में पहुंचा देगी।

इसके अलावा गुजरात की नजर टॉप-2 में अपनी जगह मजबूत करने पर भी होगी, क्योंकि टॉप-2 में रहने वाली टीमों को फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलते हैं। अगर गुजरात आज कोलकाता को हराने में सफल रहती है तो वह अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच जाएगी।

दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। टीम को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। ऐसे में ईडन गार्डन्स में होने वाला यह मुकाबला रोमांच और दबाव से भरपूर रहने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *