असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने लव जिहाद और लैंड जिहाद पर नकेल कसने को लेकर कानून लेन की बात कही
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लव जिहाद को लेकर सख्त कानून लाने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार एक कानून बनाने की प्रक्रिया में है जो लव जिहाद के मामलों में कड़ी सजा देगा।”
लव जिहाद को लेकर बोले
असम के मुख्यमंत्री ने लव जिहाद को लेकर कहा, “असम में यह बहुत आम है, लोग फेसबुक पर अपना हिंदू नाम डालते हैं, एक लड़की को बहलाते हैं और शादी के बाद लड़की को पता चलता है कि लड़का वह नहीं है जिससे उसने शादी की थी। पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए, इसलिए असम सरकार अलग-अलग मामलों की जांच करने के बाद एक कानून बनाने जा रही है जो ऐसे मामलों में सजा देगा।”
जमीनों के अवैध इस्तेमाल पर कानून की बात कही
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने लव जिहाद के साथ साथ जमीनों के अवैध इस्तेमाल को लेकर कहा, “हम सभी जानते हैं कि असम के विभिन्न हिस्सों में जनसांख्यिकी परिवर्तनों के कारण एससी, एसटी जैसे मूल समुदाय अल्पसंख्यक बन रहे हैं और उनकी संपत्ति भी संदिग्ध तरीकों का उपयोग करके खरीदी जा रही है।”
इसको रोकने के लिए नए कानून का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “असम में अगर आप बारपेटा, धुबरी जाएंगे तो आपको ऐसे कई उदाहरण मिलेंगे जहां हमने अपनी जमीन और संपत्ति कैसे खोई है। इसलिए हम एक ऐसा कानून ला रहे हैं जो ऐसी बिक्री को प्रतिबंधित करेगा। एससी अपनी जमीन केवल एससी को ही बेचेंगे, एसटी अपनी जमीन एसटी को ही बेचेगा और ओबीसी अपनी जमीन सिर्फ ओबीसी को ही बेचेगा। हम लव जिहाद और लैंड जिहाद के खिलाफ काम करेंगे।”

