दिल्ली में बीजेपी की जीत पर जेडीयू के राज्यसभा सांसद संजय झा ने दी प्रतिक्रिया, कहा डबल इंजन सरकार बनने से होता है फायदा
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिली जीत पर जेडीयू के राज्यसभा सांसद संजय झा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव के दौरान जब हम वहां घूमे तो देखा कि दिल्ली की 70 प्रतिशत जगहों को सलम बना दिया है। इन जगहों से बढ़िया तो बिहार के गांव हैं। दिल्ली में पीने तक का पानी नहीं मिल रहा था। दिल्ली में 40 प्रतिशत पूर्वांचल के वोटर है और अरविंद केजरीवाल ने उनकों लेकर जो बयान दिया था, उसकी वजह से भी उनकी सरकार गई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने से फायदा होता है। बिहार में डबल इंजन की सरकार है जिसकी वजह से वहां कितना काम होता है।
बिहार चुनाव को लेकर दिया बयान
संजय झा ने प्रधानमंत्री के बयान दिल्ली तो झांकी है बिहार अभी बाकी है को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री ने बिल्कुल सही कहा है। नितीश कुमार के बिहार में मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में विकास हुआ है। बिहार में यह सिग्नल पहले ही मिल चुका है। लोकसभा और उपचुनाव के नतीजे सभी के सामने हैं। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए बड़े बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी।
आरजेडी नेता के बयान पर संजय झा ने कहा कि 20 साल से तो तेजस्वी यादव समझ ही रहे हैं। लोकसभा चुनाव और उपचुनाव में भी आरजेडी को समझ नहीं आया कि कैसे परिणाम एनडीए के पक्ष में आया। एनडीए और नीतीश कुमार से ज्यादा समझ किसको है? बिहार की जनता सब जनती है।
वहीं प्रधानमंत्री के कांग्रेस को परजीवी बताने वाले बयान पर संजय झा ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन से अलग होने का फैसला सही लिया था। इंडिया गठबंधन के लोग एक-दूसरे को गालियां दे रहे हैं, एक-दूसरे के खिलाफ लड़ रहे हैं ये कोई गठबंधन नहीं है कांग्रेस में कोई दम नहीं बचा है।

