लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीती शुरू, बिहार में इंडिया गठबंधन ने चिराग पासवान को दिया बंपर ऑफर
जैसे जैसे लोकसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है वैसे वैसे राजनीती का खेल शुरू हो गया है। लोकसभा चुनाव के लिए बिहार की सीटों के बटवारे को लेकर एनडीए में खींचातानी चल रही है। ऐसे में इंडिया गठबंधन ने राजनीती की सियासी शतरंज पर एक बड़ी चल चली है। इंडिया गठबंधन ने बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान को सीटों को लेकर एक बंपर ऑफर दिया है। इंडिया गठबंधन ने चिराग पासवान को बिहार में आठ और यूपी में दो सीटों का बंपर ऑफर पेश किया है।
एनडीटीवी की एक खबर के मुताबिक एनडीए ने चिराग पासवान को बिहार में छः लोकसभा सीटों की पेशकश की है। इतना ही नहीं चिराग पासवान को यह छः सीटें अपने चाचा पशुपति पासवान के साथ शेयर करनी होंगी।
चिराग का अपने चाचा के साथ मतभेद
सूत्रों के अनुसार इंडिया गठबंधन ने चिराग पासवान को जिन सीटों की पेशकश की है उनमें वे सभी छः सीटें भी शामिल हैं जिन पर चिराग पासवान की पार्टी 2019 में चुनाव लड़ी थी। रामविलास पासवान की मौत के बाद साल 2021 में लोक जनशक्ति पार्टी विभाजित हो गयी और पार्टी की कमान पशुपति पारस के हाथ में आ गयी थी। चिराग पासवान और पशुपति पारस के बीच लोकसभा सीट हाजीपुर को लेकर मतभेद है। चिराग पासवान ने हाजीपुर सीट पर अपना दावा पेश किया है क्योंकि यह सीट उनके दिवंगत पिता का पूर्व निर्वाचन क्षेत्र है और उनकी कर्मभूमि रही है। जबकि पशुपति पारस वर्तमान में इस सीट से सांसद हैं।
सीटों के बटवारे को लेकर एनडीए दोहरा सकती है 2019 का फार्मूला
बीजेपी और जेडीयू ने पिछला 2019 का लोकसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था। 2019 में बीजेपी और जेडीयू 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और छः सीटों पर एलजेपी ने चुनाव लड़ा था। बीजेपी और एलजेपी ने उन सभी सीटों पर जीत हासिल की थी, जिन पर उन्होंने चुनाव लड़ा था लेकिन जेडीयू केवल किशनगंज में पिछड़ गई थी। इस सीट पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। वहीं, इस बार भी एनडीए सीट बटवारे में 2019 के फॉर्मूले को दोहरा सकती है। हालांकि, इस बार एलजेपी की 6 सीटें पारस और पासवान के बीच बांटी जाएंगी। ऐसे में इंडिया गठबंधन की ओर से दी गयी पेशकश काम कर सकती है।

