यूपी में होने वाले उपचुनाव में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बटवारे को लेकर खटपट के आसार
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 10 सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। इन 10 सीटों पर होने वाले उपचुनावों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच सीटों को लेकर खटपट का दावा किया जा रहा है। कुछ दिन पहले समाजवादी पार्टी ने 6 विधानसभा सीटों के लिए अपने प्रभारियों की घोषणा की थी। उसी दिन कांग्रेस पार्टी ने भी सभी 10 सीटों के लिए पर्यवेक्षकों के नामों की घोषणा कर दी। इन सबके बीच लखनऊ में समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा के बयानों से संकेत मिले हैं कि इस बार पार्टी कांग्रेस को अपने अंदाज में जवाब देने का मन बना चुकी है।
रविदास मेहरोत्रा ने अपने बयान में कहा कि जिन राज्यों में हम सीट चाह रहे हैं उन राज्यों में कांग्रेस ने हमें जगह नहीं दी। उत्तर प्रदेश में जिन 10 सीटों पर उपचुनाव होना है उनमे से 5 सीटों पर तो समाजवादी पार्टी के ही विधायक थे। तो ऐसे में उन पांच सीटों पर तो सपा का ही प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। बची हुयी पांच सीटों के बटवारे की बात हैं तो इस पर बैठकर बात की जा सकती है।
सभी सीटें इंडिया अलाइंस के प्रत्याशी जीतेंगे – मेहरोत्रा
सपा विधायक ने दावा किया कि अभी तक सीटों के बटवारे को लेकर कोई बात नहीं हुयी है। लेकिन जब भी बात होगी तो स्थति सामने आ जाएगी। इसी के साथ उन्होंने दावा किया कि होने वाले उपचुनाव में दस की दसों सीटें इंडिया अलाइंस के प्रत्याशी ही जीतेंगे। सीट बटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि बेशक दूसरे राज्यों में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को सीट नहीं दी। लेकिन जिस पांच सीटों पर सपा के विधायक नहीं थे उसमे जो बटवारा होगा वह जमीनी आंकलन के आधार पर होगा। विधानसभा में कांग्रेस के 2 विधायक हैं उसके बाद भी हम उन्हें सीट बटवारे में उचित सम्मान देंगे।
