प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सनातन धर्म विवाद पर विपक्षी गठबंधन इंडिया पर जम कर बोला हमला, कहा सनातन धर्म को खंड खंड करना चाहते हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश को आज गुरुवार को दी बड़ी सौगात। प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश के बीना में 50700 करोड़ की परियोजनाओं का रिमोट का बटन दबाकर शिलान्यास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सफल जी20 शिखर सम्मलेन और देश के विकास समेत भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने का जिक्र किया। साथ ही विपक्षी गठबंधन इंडिया पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा विपक्षी गठबंधन सनातन धर्म को खंड खंड करना चाहता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी20 शिखर सम्मलेन के सफल आयोजन का जिक्र करते हुए लोगों से पूछा कि इस पर उन्हें गर्व हुआ कि नहीं और नारे भी लगवाए। उन्होंने लोगों से पूछा कि जी20 सम्मलेन की सफलता का श्रेय किसको जाता है ? ये किसने कर दिखाया है ? ये सब मोदी ने नहीं आप सब ने करके दिखाया है। यह 140 करोड़ भारतियों की सफलता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेहमानों ने भी कहा कि ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं देखा।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि विकास के लिए भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना जरूरी है। हमें गरीबों के सपनों को पूरा करना होगा। मध्यप्रदेश विकास की नयी ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। हमने मध्यप्रदेश को भय से मुक्ति दिलाई है। सालों से मध्यप्रदेश पर राज करने वालों ने प्रदेश को कुछ भी नहीं दिया। आज लोग फैक्ट्री लगाना चाहते हैं। नया भारत तेजी से बदल रहा है। आज गांव गांव के बच्चे की जुबान पर जी20 का नाम है।
विपक्षी गठबंधन इंडिया पर बोला हमला
प्रधानमंत्री ने कहा एक तरफ आज का भारत दुनियां को जोड़ने में सामर्थ्य दिखा रहा है। आज का भारत विश्व मित्र के रूप में सामने आ रहा है। वहीं, दूसरी ओर कुछ ऐसे दल भी हैं, जो देश को समाज को विभाजित करने में जुटे हैं। विपक्षी गठबंधन इंडिया को कुछ लोग घमंडिया गठबंधन भी कहते हैं। इनका नेता तय नहीं है और नेतृत्व पर भी भ्रम है। पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन की बैठकों को लेकर कहा कि मुंबई की मीटिंग में इसके नेताओं ने इसकी रणनीति बनाई कि घमंडिया गठबंधन कैसे काम करेगा, उसकी नीति और रणनीति बना दी है उन्होंने अपना हिडन एजेंडा भी तय कर लिया है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर भारत की संस्कृति पर हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इनकी नीति है भारतीयों की आस्था पर हमला करो। ये घमंडिया गठबंधन की नीयत है कि भारत को जिन विचारों, संस्कारों, परंपराओं ने हजारों सालों से जोड़ा है, उसे तबाह कर दो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “जिस सनातन से प्रेरित होकर देवी अहिल्या बाई होलकर ने देश के कोने कोने में सामाजिक कार्य किए, नारी उत्थान के कार्य किए, ये घमंडिया गठबंधन उस सनातन को, संस्कारों को समाप्त करने का संकल्प लेकर आया है। ये सनातन की ताकत थी कि झांसी की रानी अंग्रेजों को यह कहकर ललकार पाई कि मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी।” प्रधानमंत्री ने कहा, ‘जिस सनातन को गांधी जी ने जीवन पर्यंत माना इंडिया गठबंधन के घमंडिया लोग उस सनातन परंपरा को समाप्त करना चाहते हैं, जिस सनातन से प्रेरित होकर स्वामी विवेकानंद ने समाज की विभिन्न बुराइयों के प्रति लोगों को जागरुक किया।’ जिस सनातन से प्रेरित होकर लोकमान्य तिलक ने भारत की स्वतंत्रता का बीड़ा उठाया, गणेश पूजन को इससे जोड़ा। आज उसी सनातन को इंडिया गठबंधन तहस नहस करना चाहता है। ये सनातन की ताकत थी कि फांसी पाने वाले वीर कहते थे कि अगला जन्म भारत माता की गोद में देना। सनातन संस्कृति संत रविदास की पहचान है। जो मां सबरी की पहचान है। ये लोग मिलकर अब उस सनातन को खंड खंड करना चाहते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि देश के कोने कोने में हर सनातनी को इस देश को प्यार करने वाले को, इस देश के कोटि कोटि जनों को प्यार करने वालों को, हर किसी को सतर्क रहने की जरूरत है। सनातन को मिटाकर ये देश को फिर 1000 साल की गुलामी में धकेलना चाहते हैं, लेकिन हमें मिलकर ऐसी ताकतों को रोकना है।

