राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर मायावती का एलान, सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी उनकी पार्टी
राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने एलान कर दिया है कि उनकी पार्टी राजस्थान में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सूत्रों के अनुसार इतना ही नहीं इस बार बसपा छोटे दलों के साथ चुनाव मैदान में उतर सकती है। इसके लिए अभी कोई पुख्ता तैयारी नहीं है लेकिन आने वाले समय में असर दिख सकता है। बसपा लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा चुनाव में अपने दम पर बेहतर रिजल्ट लेन की तैयारी में जुट गयी है।
वहीं राजस्थान के बसपा प्रमुख भगवान सिंह बाबा ने वयान दिया है कि हर बार के चुनावों में बसपा के 6 लोग चुनाव जीत कर आते हैं और दूसरी पार्टी में चले जाते हैं। लेकिन इस बार पार्टी इस तरह का प्लान तैयार कर रही है जिससे ज्यादा से ज्यादा सीटों पर पकड़ बनायीं जा सके। जिससे चुनाव जीतने वाले प्रत्याशी दूसरी पार्टी में ना जाये। जिससे बसपा पार्टी किंग मेकर की भूमिका में रहे। इस बार 60 सीटों पर पूरा फोकस है।
मायावती ने ट्वीट कर राजस्थान की सरकार पर किया हमला
बसपा सुप्रीमो मायावती ने राजस्थान सरकार पर हमला करते हुए ट्वीट किया “राजस्थान में भी दलित उत्पीड़न/हत्या का मामला अति-दुःखद है। वहां की राज्य सरकार के लिए अति-शर्म की बात है। करौली ज़िले में दलित बच्ची का घर से सोते हुए अपहरण और हत्या करके एसिड से जली उसकी लाश को कुएं में फेंकने की सुनियोजित जातिवादी घटना की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है।
बसपा सुप्रीमो मायावती सितम्बर माह से राजस्थान में अपनी जनसभाएं शुरू कर सकती हैं। इसके लिए पूरी तैयारी चल रही है। राजस्थान में पिछले दो महीने से पार्टी द्वारा “बसपा चली गांव की ओर ” कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बसपा अपनी पकड़ और मजबूत बना सके। ग्रामीण युवाओं को पार्टी से जोड़ा जा रहा है। सभी वर्गों से संपर्क साधा जा रहा है। लेकिन पार्टी का मुख्य फोकस सुरक्षित सीटों पर है। राजस्थान बसपा प्रमुख भगवान सिंह बाबा का कहना है कि अभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात हो रही है।
जब भगवान सिंह बाबा से पूछा गया कि बसपा किसी दल के साथ गठबंधन करने जा रही है। तो इसके जवाब में बाबा ने कहा कि हमारी विचारधारा वाले दल संपर्क में हैं लेकिन अभी किसी से कोई बात नहीं हुयी है। इसके लिए अभी बहुत समय है। इसका निर्णय मायावती करेंगी। फ़िलहाल पार्टी केवल अपनी प्रमुख सीटों पर तैयारी कर रही है।
