गाज़ा के अल अहली अस्पताल पर हुए हमले में 500 लोगो की मौत, पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुःख और कहा……
गाज़ा के अल अहली अस्पताल पर मंगलवार 17 अक्टूबर को हुए हवाई हमले में करीब 500 लोगों की जान चली गयी। इस घटना पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुःख जताया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “गाजा के अल अहली अस्पताल में लोगों की मौत से गहरा दु:ख हुआ है। मृतकों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना है और हम घायलों के जल्द ही स्वस्थ्य होने की प्रार्थना कर रहे हैं। इस युद्ध में आम नागरिकों की मौत होना गंभीर चिंता का विषय है। इस हमले के पीछे जो लोग जिम्मेदार हैं, उनको बख्शा नहीं जाना चाहिए।”
क्या है पूरा मामला
सभी जानते हैं कि इजरायल और हमास के बीच युद्ध चल रहा है। इजरायल गाजा पर हवाई हमले कर रहा है और उसकी जमीनी सेनाओं ने भी उत्तरी गाजा पर हमला बोल दिया है और वहां रहने वाले लोगों से उस जगह को खाली करने का आदेश दिया है। उन्होंने इसी बीच यहां पर स्थित इस अस्पताल को खाली करने की चेतावनी जारी की थी। इसके बाद मंगलवार देर रात को इस अस्पताल पर हवाई हमला होता है और फलस्तीन के हमास नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक यहां रहने वाले 500 लोगों की मौत की खबर आती है। इसके बाद से यह आरोप लग रहे हैं कि इजरायल ने अस्पताल पर हमला करके यहां पर रहने वाले आम नागरिकों की हत्या कर दी है।
यूएन ने की हमले की आलोचना
यूएन के शीर्ष नेताओं और एजेंसियों ने गाजा के अस्पताल पर हुए हमले में कई नागरिकों की मौत को लेकर गहरा दुःख जताया और घटना की कड़ी निंदा की है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “गाजा में आज एक अस्पताल पर हुए हमले में सैकड़ों फलस्तीनियों की मौत से मैं अत्यंत दुःखी और व्यथित हूं, मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। अस्पताल और चिकित्साकर्मियों को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत संरक्षण प्राप्त होता है।”
