यूपी मंत्रीमंडल के विस्तार के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मिले राज्यपाल से, ये मंत्री हो सकते हैं मंत्रीमंडल में शामिल
उत्तर प्रदेश सरकार में जून महीने से मंत्रिमंडल विस्तार की खबर बनी हुयी है। जब से ओम प्रकाश राजभर और दारा सिंह चौहान बीजेपी में शामिल हुए हैं तब से समय समय पर मंत्रिमंडल विस्तार की खबरें तेज होती रही हैं। पिछले दिनों दिल्ली में हुयी बीजेपी की बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल मंगलवार को राज्यपाल से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद से फिर से इन खबरों को बल मिला है। सूत्रों की माने तो 10 नवंबर को राजभवन में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। इस मंत्रिमंडल में 4 से 5 मंत्री शपथ ले सकते हैं।
ये नेता ले सकते हैं शपथ
सूत्रों की मानें तो 10 नवंबर को राजभवन में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान के साथ दो अन्य नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है। चर्चा ये भी है कि इन दोनों नेताओं को लखनऊ पहुंचने के लिए कह दिया गया है। हालांकि हमेशा आगे बढ़कर मंत्रिमंडल विस्तार पर बयान देने वाले ओम प्रकाश राजभर इस बार कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।
दिल्ली बैठक में बनी सहमति
सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रिय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ दिल्ली में बैठक की। इसी बैठक में यूपी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राज्यपाल के साथ मुलाकात के बाद चर्चा है कि अयोध्या में 9 नवंबर को कैबिनेट की बैठक के बाद 10 नवंबर को मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
इस विस्तार में ओम प्रकाश राजभर और दारा सिंह के अलावा लोकसभा चुनाव के दौरान जाति समीकरण साधने के लिए एक दो और नए चेहरों को जगह मिल सकती है। चर्चा ये भी है कि कुछ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। सीएम योगी अपनी सरकार के डेढ़ वर्ष के मंत्रियों के प्रदर्शन के आधार पर उनके विभागों में तबादला कर सकते हैं।

