सुल्तानपुर एनकाउंटर को नकली बताने वाले अखिलेश यादव के वयान पर ओपी राजभर का पलटवार
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुल्तानपुर में हुए मंगेश यादव के एनकाउंटर को फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि मंगेश की जाति देखकर जान ली गयी है। अखिलेश यादव के इस वयान पर सियासत शुरू हो गयी है। अखिलेश यादव के इस वयान पर यूपी कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर और यूपी बीजेपी के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पलटवार किया है।
ओपी राजभर का पलटवार
कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के वयान पर पलटवार करते हुए कहा, “क्या उत्तर प्रदेश सरकार वहां डकैती डालने गई थी? उस गिरोह में वो था ना। जब पुलिस उसे पकड़ने गई तो उसने फायर किया। अब वो फायरिंग करेगा तो पुलिस उसे माला पहनाएगी या गोली चलाएगी। अपनी सुरक्षा में पुलिस क्या करेगी? माला लेकर रखे ताकि जब अपराधी गोली चलाएं तो कहे कि गोली मत चलाओ हम माला पहनाने आ रहे हैं।”
ओपी राजभर ने आगे कहा, “जब वो गोली चला रहा था तो इधर से गोली चली, अब इसमें जाति चीरकर तो गोली नहीं लगी। सुबह चार बजे भागने का क्या मतलब है। क्यों भाग रहा था। जब आपको पता था कि ये हमारी बिरादरी का है उसे मार दिया जाएगा तो उसे सरेंडर करवा देना चाहिए था। सजातीय मारा गया है तो फिर उसे सरेंडर करवा देना था।” फर्जी एनकाउंटर पर कहा कि उनकी सरकार में नकली एनकाउंटर हुए होंगे इसलिए वो ऐसा कह रहे हैं।
भूपेंद्र चौधरी का अखिलेश पर पलटवार
यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने अखिलेश यादव के नकली एनकाउटर वाले वयान पर पलटवार करते हुए कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता में अपराध और अपराधी में जातीय भेदभाव को देखकर काम नहीं होता, सरकार विधि सम्मत कार्रवाई करती है। जाति सपा के लोग देखते हैं। समाज में टकराव उन्हें पैदा करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा बेहतर क़ानून के राज की है। ये जातिवादी लोग है। समाज में टकराव और द्वंद्व पैदा करना इनका काम रहा है और ये यही करते हैं।
दरअसल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुल्तानपुर में ज्वैलर के यहाँ हुयी लूट में मंगेश यादव के एनकाउंटर को नकली बताया था। उन्होंने कहा था कि जब घटना के मुख्य आरोपी ने सरेंडर कर दिया था तो उससे पूछताछ कर बरामदगी की जा सकती थी। लेकिन मंगेश की जान उसकी जाति देखकर ली गयी है।
