क्रिकेट में जोड़ा गया एक नया नियम, इस नियम से कप्तान पूरे वक्त दबाव में रहेगा
आईसीसी ने क्रिकेट के नियमों में एक और नियम जोड़ दिया है। सफ़ेद गेंद से खेले जाने वाले क्रिकेट के दोनों फॉर्मेटों वनडे और टी20 में यह नियम लागू होगा। इस नियम के तहत टी20 और वनडे मैच में अगर गेंदबाज को तीसरी बार ओवर डालने में एक मिनट से ज्यादा का समय लगता है, तो गेंदबाजी करने वाली टीम पर पेनल्टी लगेगी। पेनल्टी के तौर पर बल्लेबाजी करने वाली टीम को 5 रन अतिरिक्त दिए जायेंगे। इस नियम के लागू होने के बाद कप्तान और गेंदबाजों को रणनीति बनाने के साथ घडी पर भी नजर रखनी होगी।
यह नियम फ़िलहाल पुरुष क्रिकेट पर ही लागू होगा। इस नियम को अभी ट्रायल के तौर पर लागू किया जायगा। ट्रायल पूरा होने के बाद नियम के नतीजों का विश्लेषण करने के बाद इसे स्थायी रूप से लागू किया जायेगा। बाद में इसे महिला क्रिकेट में भी लागू किया जा सकता है। इस नियम का ट्रायल दिसंबर 2023 से अप्रैल 2024 तक चलेगा। इस नियम के लागू होने के बाद माना जा रहा है कि इससे मुकाबलों की गति धीमी नहीं पड़ेगी और दर्शकों का भी इंटरेस्ट बना रहेगा। कई बार वनडे मैचों की सीमा 8 घंटे के भी पार चली जाती है। इससे खेल तो ठंडा पड़ता ही है और ब्रॉडकास्टरों को भी नुकसान की संभावना बनी रहती है।
आईसीसी ने मीटिंग में लिया फैसला
आईसीसी बोर्ड की बैठक में इस नियम का फैसला लिया गया। आईसीसी ने कहा कि यदि गेंदबाजी करने वाली टीम ने पिछला ओवर ख़त्म होने के एक मिनट के भीतर अगला ओवर फेंकना शुरू नहीं करती है तो पारी के दौरान दो बार ऐसा करने पर कोई पेनल्टी नहीं लगेगी। लेकिन यदि तीसरी बार ऐसा होता है तो उस पर पेनल्टी लगेगी। यह पेनल्टी 5 रन की होगी। यानी पेनल्टी के 5 रन बल्लेबाजी करने वाली टीम के स्कोर में जुड़ जायेंगे।

