Headlines

पंजाब में इंडिया गठबंधन के दो दलों में लोकसभा सीटों को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू

Spread the love

2024 लोकसभा चुनाव के लिए नवगठित इंडिया गठबंधन के दो दल पंजाब में सीटों के बंटवारे को लेकर तैयार नहीं हैं। पंजाब की सत्तारूढ़ पार्टी आप और विपक्षी पार्टी कांग्रेस दोनों ही इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। लेकिन दोनों ही दल पंजाब में सीटों के बंटवारे को लेकर तैयार नहीं हैं। यह बात कांग्रेस सांसद प्रताप सिंह बाजवा की बातों से स्पष्ट हो जाती है। प्रताब सिंह बाजवा ने कल मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस पंजाब में सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसी के साथ उन्होंने कहा कि कांग्रेस यदि सभी 13 सीटों पर जीत जाती है, तो सीएम भगवत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार दो महीने से ज्यादा नहीं चलेगी।

प्रताप सिंह बाजवा ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब पूरी तरह से कर्ज में डूबा हुआ है। लोकसभा चुनाव 7-8 महीने में आने वाले हैं। मेरी पंजाब के सभी समुदाय के लोगों से अपील है चाहे वह हिंदू हों, मुस्लिम हों, सिख हो या ईसाई हों, अनुसूचित जाति हो या पिछड़ी जाति हो, अब वक्त आ गया है कि कांग्रेस सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

बाजवा ने आप सरकार को गिराने के लिए कहा

कांग्रेस नेता बाजवा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि ”हमें समर्थन दीजिए, मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि अगर 13 की 13 सीटें हमें जिताओगे तो ये सरकार दो महीने भी नहीं टिकेगी। क्योंकि मान सरकार के 32 के करीब विधायक मेरे संपर्क में हैं, 18 विधायक हमारे पास हैं, थोड़ा सा जो फर्क बचेगा हम और जोर लगाएंगे तो आप सरकार को गिरा देंगे।”

सीएम मान ने बाजवा पर लगाया आरोप

इस पर सीएम मान ने बाजवा पर आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस नेता बाजवा पर सरकार को तोड़ने का आरोप लगाया। सीएम मान ने ट्वीट किया, ”प्रताप बाजवा  आप पंजाब के लोगों की चुनी हुई सरकार को तोड़ने की बात कर रहे हैं। मैं जानता हूं कि कांग्रेस ने आपकी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा को मार डाला। मैं पंजाब के 3 करोड़ लोगों का प्रतिनिधि हूं, हिम्मत है तो आलाकमान से बात करें।”

बाजवा का मान पर पलटवार

इस पर हमलावर अंदाज में बाजवा ने भी जवाब दिया और कहा, ”पंजाब के कार्यवाहक मुख्यमंत्री भगवंत मान वैसे तो मैं आपको जवाब देना जरूरी नहीं समझता, लेकिन चलिए आप खाते-पीते हुए ट्वीट कर रहे हैं तो जवाब सुन लीजिए। आपने अपने चुटकुलों से पंजाब का विकास रोक रखा है, न आपने कानून व्यवस्था का ध्यान रखा है, न अर्थव्यवस्था का, न पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने का। ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *