May 18, 2026

News Critic

Latest News In Hindi

यूपी की एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के दावे पर अखिलेश यादव का यूपी सरकार पर हमला

उत्तर प्रदेश सरकार के एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाले दावे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि ये दावा एकदम गलत है कि अगले चार साल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर का लक्ष्य हासिल कर लेगी। इसको लेकर उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर योगी सरकार पर निशाना साधा है।

अर्थव्यवस्था के दावे पर सरकार पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, “भाजपा सिर्फ एक ट्रिलियन झूठ का रिकॉर्ड बना सकती है और कुछ नहीं। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की तरफ से फिर से ये जुमला उछाला जा रहा है कि अगले चार वर्ष में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक ट्रिलियन डॉलर हो जाएगी। आज की विकास दर के हिसाब से ये असंभव है, इसीलिए ये एक ‘महाझूठ’ है। सरकार के खजाने में भ्रष्टाचार की सेंध लगी है। निवेश जमीन पर नहीं उतरा है। किसान व्यापारी और उद्योगपति सब अपने काम को लेकर त्रस्त हैं। बेरोजगारी-बेकारी प्रदेश में गरीबी के नये अध्याय लिख रही है। लोगों के हाथ में पैसा नहीं है तो क्रय शक्ति कहां से आएगी। श्रमिक-मजदूर पलायन कर रहे हैं तो श्रम संसाधन कहां से आयेगा।”

अखिलेश यादव ने आगे कहा, ”जनता कह रही है कि हमें तो यह बताएं कि महंगाई कितनी कम होगी। हमारी आमदनी कितनी बढ़ेगी। युवाओं को नौकरी कैसे मिलेगी। दवाई-पढ़ाई के खर्चे कैसे कम होंगे। दुकानदारी-कारोबार कैसे बंद होने से बचेगा। जन-जन कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा !”

बतादें कि मिल्कीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग छिड़ी हुयी है। अखिलेश यादव लगातार अपने सोशल मीडिया अकाउंट से भाजपा पर निशाना साध रहे हैं।  सीएम योगी ने भी मिल्कीपुर में जनसभा के दौरान सपा को माफियाओं और अपराधियों की पार्टी बताया था और कहा कि जातिवाद और परिवारवाद लोकतंत्र के लिए खतरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *