संसद में अखिलेश यादव ने अपने भाषण में महाकुंभ में अव्यवस्थाओं का दावा किया, तो भाजपा सांसद ने टोका और कहा एंटी हिन्दू
सपा के राष्ट्रिय अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अपनी बात रखते हुए महाकुम्भ में अव्यवस्थाओं का दावा किया। जब अखिलेश यादव महाकुंभ को लेकर अपनी बात रख रहे थे उसी समय भाजपा सांसद ने उन्हें एंटी हिन्दू कहा। अखिलेश यादव ने लोकसभा में कुंभ की व्यवस्था का मामला उठाया जिस पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आपत्ति दर्ज की।
इसके बाद संसद में हंगामा शुरू हो गया। हंगामा शांत होने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि चांद पर पहुंचने का क्या फायदा, जिन्हें जमीन की समस्या न दिखाई दे। कुंभ में अव्यवस्था से तमाम सनातनियों को दुख हुआ। जाम हटाने के लिए दो दो सीएम लगाने पड़े। लोगों के दुख–तकलीफ के कारण इन्हें संगठन के लोगों से मदद की अपील करनी पड़ी। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि डिजिटल इंडिया की बात करते हैं लेकिन कुंभ में कितने लोगों की जान गई और खो गए इसका आंकड़ा नहीं दे पाए।
बजट पर बोले
वहीं बजट पर लोकसभा में अखिलेश यादव ने कहा, “ये बजट टारगेटेड बजट है, ये बजट उन लोगों पर केंद्रित है जो बहुत अमीर हैं, बड़े लोग हैं, उद्योगपति हैं। ये बजट उनके लिए बनाया गया है। मुझे इसमें भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का कोई रोडमैप नहीं दिखता और रोडमैप इसलिए नहीं दिख रहा क्योंकि जैसे ही बजट आया, हमने वो तस्वीरें देखीं। क्या 10 बजट इसी देश के लिए बनाए गए थे ताकि जब 11वां बजट आए तो पूरा देश और पूरी दुनिया देखे कि भारत के लोगों को हथकड़ी लगाकर वापस भेजा गया।“

